स्लोन स्टीफ़न्स ने जीता यूएस ओपन ख़िताब

स्लोन स्टीफन्स और मेडिसन कीज़
प्रकाशित

अमरीका की स्लोन स्टीफ़न्स ने हमवतन मेडिसन कीज़ को हराकर यूएस ओपन टेनिस का ख़िताब जीत लिया है.

83 वीं रैंकिंग वाली स्लोन ने फ़ाइनल मुक़ाबले में मेडिसन को सीधे सेटों में 6-3, 6-0 से मात दी.

24 साल की स्लोन की महज़ छह हफ्ते पहले 957वीं रैंकिंग थी. वो चोट की वजह से करीब 11 महीने तक कोर्ट से दूर रही थीं.

स्लोन ओपन युग की पांचवीं ऐसी महिला खिलाड़ी बन गई हैं जिन्होंने गैरवरीय होने के बाद भी कोई अहम ख़िताब हासिल किया.

स्लोन स्टीफन्स

स्लोन और मेडिसन दोनों ही पहली बार ग्रैंड स्लैम फ़ाइनल में पहुंची थीं. दोनों की संयुक्त रैंकिंग 99 थी जो रैंकिंग की शुरुआत होने के बाद से यूएस ओपन के फ़ाइनल की सबसे निचली रैंकिंग थी.

स्लोन स्टीफ़न्स ने जीत के बाद कहा, "जनवरी में मेरी सर्जरी हुई थी और अगर उस वक़्त किसी ने मुझे कहा होता कि मैं यूएस ओपन जीतूंगी तो मैंने कहा होता कि ये नामुमकिन है."

स्लोन और मेडिसन दोनों ही बचपन के करीबी दोस्त हैं. स्लोन की जीत के बाद दोनों ने एक दूसरे को गले लगाया. इसके बाद स्लोन दर्शक दीर्घा में बैठी अपने मां के गले लगीं.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)