भारत ने मलेशिया को 2-1 से हराकर एशिया कप हॉकी का ख़िताब जीता

इमेज स्रोत, Twitter@TheHockeyIndia
भारत ने एशिया कप हॉकी का खिताब जीत लिया है. ढाका में रविवार को खेले गए फ़ाइनल मुक़ाबले में भारत ने मलेशिया को 2-1 से हरा दिया.
आकाशदीप सिंह को मैन ऑफ़ द मैच घोषित किया गया.
भारत ने दस साल के बाद एशिया कप जीता है. इससे पहले 2003 और 2007 में भारत ने एशिया कप जीता था.
इस तरह एशिया कप जीतने में भारत ने पाकिस्तान की बराबरी कर ली है. दोनों ने तीन-तीन बार एशिया कप पर कब्जा किया है.

इमेज स्रोत, Twitter@TheHockeyIndia
दक्षिण कोरिया ने चार बार ये खिताब जीता है.
मैच के पहले क्वॉर्टर के तीसरे ही मिनट में रमनदीप सिंह ने पहला गोल दागकर मलेशिया के ख़िलाफ़ भारत को बढ़त दिला दी थी.
भारतीय टीम ने शुरू से ही आक्रामक खेल दिखाया. पांचवें मिनट में भारत को पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला.
29वें मिनट में ललित उपाध्याय ने भारत के लिए दूसरा गोल दागा.

इमेज स्रोत, Twitter@TheHockeyIndia
मलेशिया न तो पहले क्वॉर्टर में और न ही दूसरे क्वॉर्टर में भारत के ख़िलाफ़ कोई गोल दाग सका.
इस तरह से दूसरे क्वॉर्टर के खत्म होने पर भारत 2-0 से आगे था.
इसके बाद मलेशिया ने मैच में वापसी के लिए पूरा दम लगा दिया और मैच के 50वें मिनट में भारत के ख़िलाफ़ उसे पहला गोल दागने में कामयाबी मिली.

इमेज स्रोत, Twitter@TheHockeyIndia
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)























