मुनरो का धमाकेदार शतक, भारत के सामने 197 का लक्ष्य

इमेज स्रोत, Reuters
न्यूज़ीलैंड ने राजकोट में खेले जा रहे दूसरे ट्वेंटी-20 मुक़ाबले में भारत को जीत के लिए 197 रन की चुनौती दी है.
कॉलिन मुनरो के शतक के दम पर न्यूज़ीलैंड ने 20 ओवरों में दो विकेट पर 196 रन बनाए.
टॉस जीतकर बल्लेबाज़ी को उतरी न्यूज़ीलैंड टीम को कॉलिन मुनरो और मार्टिन गप्टिल की ओपनिंग जोड़ी ने दमदार शुरुआत दिलाई.
इन दोनों ने पहले विकेट के लिए 11.1 ओवर में 105 रन जोड़े. गप्टिल 45 रन बनाकर युजवेंद्र चहल की गेंद पर आउट हुए.
पहला मैच खेल रहे मोहम्मद सिराज ने भारत को दूसरी कामयाबी दिलाई. उन्होंने केन विलियमसन को 12 रन के स्कोर पर आउट किया.
मुनरो ने एक छोर थामे रखा और 54 गेंदों में शतक पूरा कर लिया. ये उनका टी-20 में दूसरा शतक है. वो 58 गेंदों में 109 रन बनाकर नाबाद रहे.
जसप्रीत बुमराह के अलावा बाकी भारतीय गेंदबाज़ महंगे साबित हुए. बुमराह ने चार ओवरों में 23 रन दिए. भुवनेश्वर कुमार ने 29 और सिराज ने 53 रन दिए. स्पिनर भी बेअसर रहे.
सिराज का डेब्यू मैच
भारतीय टीम ने प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव किया है. भारत ने आशीष नेहरा की जगह मोहम्मद सिराज को टीम में शामिल किया है.
मोहम्मद सिराज पहला अंतरराष्ट्रीय ट्वेंटी-20 मैच खेल रहे हैं. उन्हें भारतीय टीम के कोच रवि शास्त्री ने डेब्यू कैप दी.
राजकोट ट्वेंटी-20 का लाइव स्कोर देखने के लिए यहां क्लिक करें
दिल्ली में बुधवार को खेले गए पहले ट्वेंटी-20 मुक़ाबले में भारत ने 53 रन से जीत दर्ज़ की थी.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)























