रोहित शर्मा खेल रत्न के लिए नामांकित, शिखर-ईशांत-दीप्ति का नाम अर्जुन पुरस्कार के लिए

रोहित शर्मा
प्रकाशित

भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने 2020 के राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार के लिए रोहित शर्मा को नामांकित किया है. इसके अलावा बोर्ड ने अर्जुन पुरस्कार के लिए ईशांत शर्मा, शिखर धवन और दीप्ति शर्मा को नामांकित किया है.

भारत सरकार के युवा एवं खेल मामले के मंत्रालय ने एक जनवरी, 2016 से 31 दिसंबर, 2019 तक के प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों के नाम मांगे थे.

भारतीय टीम के उपकप्तान रोहित शर्मा 2019 के आईसीसी वनडे क्रिकेटर ऑफ़ द ईयर भी चुने गए थे. एक वर्ल्ड कप में इस दौरान उन्होंने पांच शतक लगाने का करिश्मा भी दिखाया था.

इसके अलावा टी-20 क्रिकेट में चार शतक बनाने वाले वे पहले बल्लेबाज़ भी बने. 2017 के बाद से वनडे क्रिकेट में रोहित शर्मा 18 शतक ठोक चुके हैं, जिसमें आठ बार उन्होंने 150 से ज़्यादा का स्कोर बनाया है.

इस दौरान टेस्ट क्रिकेट में भी ओपनर के तौर पर मौका मिलने पर उन्होंने दोनों पारियों में शतक बनाने का करिश्मा दिखाया है.

उनके नामांकन पर बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने मीडिया से कहा है, "नाम चयनित करने से पहले हमने काफी आंकड़े देखे और कई पैरामीटर पर विचार किया है. रोहित शर्मा ने बल्लेबाज़ के तौर पर नए मानक बनाए हैं. इसलिए प्रतिष्ठित खेल सम्मान के लिए वे उपयुक्त पात्र हैं."

ईशांत-शिखर-दीप्ति भी नामांकित

अर्जुन पुरस्कार के लिए नामांकित किए गए शिखर धवन के नाम डेब्यू करते हुए टेस्ट में सबसे तेज़ शतक बनाने का रिकॉर्ड है. अर्जुन पुरस्कार के लिए नामांकित किए गए शिखर धवन के नाम डेब्यू करते हुए टेस्ट में सबसे तेज़ शतक बनाने का रिकॉर्ड है.

शिखर धवन

सौरव गांगुली ने शिखर धवन के बारे में बताया, "शिखर धवन लगातार स्कोर बनाते रहे हैं और आईसीसी इवेंट में उनका प्रदर्शन अहम रहा है."

वहीं ईशांत शर्मा क्रिकेट के सभी तीनों फॉरमेटम में खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी रहे हैं. हाल की भारत की कायमाबी में उनकी गेंदबाज़ी का अहम योगदान रहा है. एशिया से बाहर के पिचों में पर सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज़ बन चुके हैं ईशांत शर्मा. उनकी उपलब्धियों पर सौरव गांगुली ने कहा, "ईशांत शर्मा टेस्ट टीम के सबसे अनुभवी गेंदबाज़ हैं और टेस्ट में टीम को नंबर वन बनाने में उनका योगदान अहम है."

वहीं महिला क्रिकेट टीम की ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा को भी ईशांत और शिखर धवन के साथ अर्जुन पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया है. भारत की ओर से वनडे क्रिकेट में एक मैच में सबसे बड़ी पारी और एक मैच में छह विकेट झटकने का कारनामा दीप्ति शर्मा के ही नाम है. सौरव गांगुली ने दीप्ति शर्मा को एक वास्तविक आलराउंडर बताते हुए कहा कि टीम में उनकी भूमिका अहम है.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)