मिक्स्ड डबल्स में पेस की चुनौती ख़त्म

पेस-ब्लैक
इमेज कैप्शन, पेस-ब्लैक की जोड़ी सीधे सेटों में हार गई.
प्रकाशित

अमरीकी ओपन में दोहरा ख़िताब जीतने का लिएंडर पेस का सपना टूट गया है. मिक्स्ड डबल्स के ख़िताबी दौड़ से वो बाहर हो चुके हैं और सारी आस अब डबल्स मुक़ाबलों पर टिकी है.

मिक्स्ड डबल्स के फ़ाइनल मुक़ाबले में भारत के पेस और ज़िम्बाब्वे की कारा ब्लैक की पिछली चैंपियन जोड़ी को हार का मुँह देखना पड़ा.

दोनों को कार्ली गुलिकसन और ट्रेविस पेरॉट की अमरीकी जोड़ी ने सीधे सेटों में 6-2, 6-4 से हरा दिया.

ये इस अमरीकी जोड़ी का पहला ग्रैंड स्लैम ख़िताब है.

इन दोनों को वरीयता सूची के आधार पर नहीं बल्कि वाइल्ड कार्ड के ज़रिए अमरीकन ओपन में प्रवेश मिला था.

अब पेस की उम्मीदें डबल्स मुक़ाबलों में बची हुई हैं जहां उनका मुक़ाबला हमवतन खिलाड़ी महेश भूपति और बहामास के मार्क नोल्स से होगा.

डबल्स में लिएंडर पेस के साझीदार चेक गणराज्य के लुकास ड्लोही हैं.

महेश भूपति भी मिक्सड डबल्स के सेमीफ़ाइनल में पहुँचे थे मगर वहाँ उन्हें गुलिकसन और पैरट की चैंपियन जोड़ी से ही हार का सामना करना पड़ा था.