मुंबई टेस्ट में नहीं खेलेंगे गंभीर

श्रीलंका के ख़िलाफ़ तीसरे टेस्ट के लिए भारतीय टीम में कोई बदलाव नहीं किया गया है. लेकिन पहले दो टेस्ट मैचों में अपने बल्ले का जौहर दिखाने वाले गौतम गंभीर इस टेस्ट में नहीं खेल पाएँगे.
गौतम गंभीर के बहन की तीन दिसंबर को शादी है और इस कारण उन्होंने इस मैच से अलग रहने की अनुमति मांगी थी.
गंभीर ये टेस्ट मैच नहीं खेल पाएँगे लेकिन चयनकर्ताओं ने उनकी जगह किसी और खिलाड़ी को 15 सदस्यीय टीम में शामिल नहीं किया है.
उम्मीद जताई जा रही है कि मुरली विजय को गंभीर की जगह अंतिम 11 खिलाड़ियों में जगह मिल सकती है.
गौतम गंभीर इस समय ज़बरदस्त फ़ॉर्म में हैं और उन्होंने दो टेस्ट मैच की तीन पारियों में 94 की औसत से 282 रन बनाए हैं. जिसमें दो शतक भी शामिल हैं.
भारत और श्रीलंका के बीच तीन टेस्ट मैचों की सिरीज़ का तीसरा और आख़िरी टेस्ट मैच दो दिसंबर से मुंबई में शुरू हो रहा है.
तीन टेस्ट मैचों की सिरीज़ में भारत 1-0 से आगे है. भारत और श्रीलंका के बीच अहमदाबाद में हुआ पहला टेस्ट ड्रॉ रहा था.
लेकिन कानपुर टेस्ट में भारत ने एक पारी और 144 रनों की शानदार जीत हासिल करके सिरीज़ में 1-0 से बढ़त हासिल कर ली है.
भारतीय टीम:
महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), वीरेंदर सहवाग, राहुल द्रविड़, सचिन तेंदुलकर, वीवीएस लक्ष्मण, युवराज सिंह, मुरली विजय, एस बद्रीनाथ, ईशांत शर्मा, ज़हीर ख़ान, हरभजन सिंह, अमित मिश्रा, एस श्रीसंत और प्रज्ञान ओझा.

























