ब्राज़ील को हराकर नीदरलैंड सेमीफ़ाइनल में

विश्वकप फ़ुटबॉल के पहले क्वार्टर फ़ाइनल में एक बड़ा उलटफेर हुआ है और विश्वकप की बड़े दावेदारों में से एक मानी जा रही ब्राज़ील की टीम विश्वकप से बाहर हो गई है.
उसे नीदरलैंड्स ने एक रोमांचक मुक़ाबले में 2-1 से हरा दिया है.
हालांकि पहले हाफ़ में ब्राज़ील का दबदबा बरक़रार रहा. और ब्राज़ील ने खेल के शुरू होते ही 10 मिनट में ही एक गोल कर दिया जोकि इस विश्व कप में नीदरलैंड्स के विरुद्ध पहला गोल था.
पूरे खेल में हालांकि ब्राज़ील का वर्चस्व रहा लेकिन गोल करने के मामले में बाज़ी डच खिलाड़ियों के हाथ रही.

ब्राज़ील ने गोल पर कुल 14 निशाने लगाए जिनमें से सात निशाने पर रहा जबकि सात निशाने से दूर. अगर नीदरलैंड्स को चार कॉर्नर मिले तो ब्राज़ील ने आठ कॉर्नर हासिल किया.
नीदरलैंड्स की ओर से पहला गोल दूसरे हाफ़ में ब्राज़ील के खिलाड़ी फ़िलिप मेलो के हाथों ही हुआ जबकि दूसरा गोल स्नाइडर ने किया.
रेड-कार्ड
नीदरलैंड्स के रोबेन ने और स्नाइडर ने जहां बेहतर खेल का प्रदर्शन किया वहीं उन्होंने ब्राज़ील के खिलाड़ियों को काफ़ी परेशान किया और ब्राज़ील के खिलाड़ियों को पीला और यहां तक की लाल कार्ड भी दिलवा दिया.
दो गोल से पीछे हो जाने के बाद फ़िलिप मेलो को मिलने वाले रेड कार्ड ने ब्राज़ील की उम्मीद और भी कम कर दी और कई बार तो दोनों टीमों के खिलाड़ियों में झड़प भी हो गई.
नीदरलैंड्स के खिलाड़ियों ने ब्राज़ील के खिलाड़ियों को बार-बार रोका जिसके नतीजे में उनके चार खिलाड़ियों को पीला कार्ड मिला.
नीदरलैंड्स ने मौक़े बनाने की पूरी कोशिश की और स्नाइडर, पर्सी और रोबेन ने खेल बनाए.
बहरहाल, विश्व कप की बड़ी दावेदार टीम का ख़्वाब चकनाचूर हो गया. नीदरलैंड्स सेमी-फ़ाइन में पहुंचने वाली पहली टीम है. उसका मुक़ाबला उरूग्वे और घाना के बीच होने वाले मुक़ाबले में जीतने वाली टीम से होगा.

























