चेन्नई और वारियर्स के बीच फ़ाइनल

चैम्पियंस लीग टवेंटी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के फ़ाइनल में रविवार को चेन्नई सुपर किंग्स और दक्षिण अफ़ीका के वारियर्स के बीच मुक़ाबला होगा.
चेन्नई सुपर किंग्स आईपीएल-3 की विजेता रही है और महेंद्र सिंह धोनी इसके कप्तान हैं.
इसके पहले शनिवार को खेल गए सेमी फ़ाइनल में वारियर्स ने साउथ ऑस्ट्रेलिया को 30 रन से हरा दिया.
वारियर्स की ओर से कप्तान डेवी जैकब्स ने 61 और कोलिन इनग्राम ने 46 रनों की शानदारी पारी खेली.
जैकब्स ने केवल 41 गेंदों में 10 चौकों और एक छक्के की मदद से 61 रन बनाए जबकि इनग्राम ने 35 गेंदों में तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 46 रन बनाए.
वारियर्स के बल्लेबाज़ों ने अंतिम ओवर में तीन छक्के और एक चौके की मदद से स्कोर 175 तक पहुंचा दिया.
इसके जवाब में दक्षिण आस्ट्रेलिया की टीम सात विकेट पर 145 रन ही बना सकी.
प्रतियोगिता में सेमी फ़ाइनल से पहले तक अपराजित रही साउथ ऑस्ट्रेलिया की टीम पहली बार हारी और प्रतियोगिता से बाहर हो गई.
साउथ ऑस्ट्रेलिया की ओर से फर्ग्युसन ने 71 रन बनाए लेकिन उनके आउट होते ही साउथ ऑस्ट्रेलिया की उम्मीदें भी टूट गईं.
फर्ग्युसन के अलावा साउथ आस्ट्रेलिया का अन्य कोई बल्लेबाज़ खास प्रदर्शन नहीं कर पाया.

























