तकनीक के दीवाने 'मेन इन ब्लू'

हरभजन सिंह और सचिन तेंदुलकर
प्रकाशित

बंगलौर में अपना पिछला मैच खेल कर दिल्ली पहुँच चुकी टीम इंडिया के सफ़र की तस्वीरें देखकर लगता है जैसे ये खिलाड़ी आधुनिक तकनीक के दीवाने हैं.

एक तस्वीर में युवराज सिंह लगता है हवाई जहाज़ में बैठ कर अपने आई-पैड पर शायद पुणे वॉरिअर्स की उस घोषणा को पढ़ रहे थे जिसमें उन्हें उस टीम का कप्तान बना दिया गया है.

वहीं उनके बगल में बैठे विराट कोहली लगता है अपने पड़ोसी ज़हीर खान को लैपटाप पर ये दिखाना चाहते हैं कि बांग्लादेश के खिलाफ शतक बनाने के बाद किस किस अखबार ने उनकी कौन-कौन सी तस्वीर छापी है.

आख़िर में एक तस्वीर ऐसी भी है जिसमे कप्तान धोनी, हरभजन और सचिन तेंदुलकर उड़ान के दौरान अगल-बगल बैठे हैं.

पर जहाँ धोनी साहब अगले मैच में जीत दर्ज करने के सपने देखते हुए सो रहे हैं, वहीं भज्जी कनखियों से सचिन के आई पैड में झाँकने की फ़िराक़ में हैं.

शायद मास्टर ब्लास्टर से बल्लेबाज़ी के कुछ छुपे हुए गुर सीखने के लिए!

विदेशी नहीं भारत के सिक्के चलेंगे!

विश्व कप में चल रहे सभी मैचों में अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था देखने को मिल रही है.

खाने-पीने का सामान हो या बोतल वगैरह, कुछ भी स्टेडियम के भीतर ले जाने की इजाज़त नहीं है.

पर हाँ, सुरक्षा चौकियों पर तैनात पुलिसकर्मी कुछ मसख़री न करे, ये तो हो ही नहीं सकता.

दर्शकों की तलाशी के दौरान निरंतर उठने वाला विवाद रहता हैं सिक्कों को जेब में रख कर भीतर ले जाने को लेकर.

विश्व कप का एक मैच कवर करने गए एक पत्रकार से जब सुरक्षाकर्मियों ने जेब के भीतर मौजूद सिक्कों के बारे में पूछा तो उसने जवाब दिया की मेरी जेब में कुछ विदेशी मुद्रा के सिक्के हैं.

सुरक्षाकर्मी का जवाब तो आप भी भाँप गए होंगे! उसने झट जवाब दिया, भारतीय मुद्रा के सिक्के तो भीतर ले जाओ, पर विदेशी मुद्रा के सिक्के इस स्टेडियम में नहीं चलेंगे!

नाराज़ रहो दिलशान

तिलकरत्ने दिलशान

श्रीलंका टीम के कप्तान कुमार संगकारा ने अपनी टीम के सलामी बल्लेबाज़ तिलकरत्ने दिलशान से अपना आक्रामक रूख़ बरक़रार रखने को कहा है.

हुआ कुछ यूँ कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ़ मैच के दौरान दिलशान और शॉन टेट के बीच थोड़ी कहासुनी हुई.

हालाँकि उस नोकझोंक के तुरंत बाद ही टेट ने दिलशान का विकेट भी झटक लिया.

पर कप्तान संगकारा का अपने खिलाड़ियों की हौसला अफज़ाई करने का तरीक़ा बेमिसाल दिख रहा है.

जहाँ भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने पिछले कुछ मैचों में गेंदबाज़ श्रीसंत के तेवरों को ठंडा रख्नने की बात दोहराई है वहीं संगकारा दिलशान की बड़ाई करते हुए यही कह रहे हैं कि अपने भीतर के ग़ुस्से को बरक़रार रखो.

हुई न ये नहले पर दहले वाली बात!