पाकिस्तान ने रोका विजय रथ

इमेज स्रोत, AFP
पाकिस्तान ने विश्व कप में चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया का विजय रथ रोक दिया है. वर्ष 1999 से ऑस्ट्रेलिया की टीम विश्व कप में कोई मैच नहीं हारी थी और अजेय मैचों की संख्या 34 हो गई थी.
लेकिन शनिवार को कोलंबो में हुए एक मैच में पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को धूल चटाई और अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान भी हासिल कर लिया. ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 176 रन बनाए थे.
लेकिन पाकिस्तान ने छह विकेट के नुक़सान पर 41 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया. उमर अकमल और असद शफ़ीक़ ने शानदार बल्लेबाज़ी की. उमर ने 44 और शफ़ीक़ ने 46 रन बनाए.
वैसे पाकिस्तान की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और उसका पहला विकेट सिर्फ़ 15 रनों पर गिर गया. मोहम्मद हफ़ीज़ सिर्फ़ पाँच रन बनाकर आउट हो गए.
झटका
कामरान अकमल पारी संभालने की कोशिश कर रहे थे और अच्छी बल्लेबाज़ी कर रहे थे, लेकिन ब्रेट ली की एक गेंद उन्हें चकमा दे गई और वे 23 रन बनाकर एलबीडब्लू आउट हो गए.

इमेज स्रोत, AP
तीसरे विकेट की साझेदारी में असद शफ़ीक़ और यूनुस ख़ान ने 53 रन जोड़े. उस समय ऐसा लग रहा था कि पाकिस्तान की टीम आसानी से लक्ष्य हासिल कर लेगी.
लेकिन ब्रेट ली ने एक बार फिर पाकिस्तानी पारी को ज़ोर का झटका दिया. उन्होंने दो लगातार गेंदों में यूनुस ख़ान और मिसबाहुल हक़ को पवेलियन का रास्ता दिखाया.
यूनुस ख़ान ने 31 रन बनाए और मिसबाहुल अपना खाता भी नहीं खोल पाए. असद शफ़ीक़ के 46 रन बनाकर आउट हो जाने के बाद पाकिस्तानी टीम पर फिर दबाव बढ़ा. लेकिन उमर अकमल और अब्दुल रज़्ज़ाक़ ने पाकिस्तान को जीत दिला दी.
ब्रेट ली ने 28 रन देकर चार विकेट लिए.
निराश
कप्तान शाहिद अफ़रीदी ने एक बार फिर बल्ले से निराश किया और सिर्फ़ दो रन बनाकर आउट हो गए.

इमेज स्रोत, AFP
ऑस्ट्रेलिया की टीम 1999 विश्व कप के बाद किसी भी विश्व कप में कोई मैच नहीं हारी थी. उस समय भी उसे पाकिस्तान ने हराया था और इस बार भी
कोलंबो में हुए इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी चुनी, लेकिन शुरू से ही टीम दबाव में रही.
ऑस्ट्रेलियाई पारी में कप्तान रिकी पोंटिंग और ब्रैड हैडिन ने दूसरे विकेट के लिए 63 रनों की साझेदारी की. यही एक साझेदारी ऑस्ट्रेलियाई पारी में अहम रही.
पोंटिंग का ग़ुस्सा
इसके अलावा ऑस्ट्रेलियाई विकेट लगातार गिरते रहे. कप्तान रिकी पोंटिंग एक बार फिर बल्ले से नाकाम रहे और 19 रन बनाने के बाद आउट हुए.

इमेज स्रोत, Getty Images
लेकिन उनके आउट होने में भी काफ़ी विवाद हुआ. पोंटिंग और पाकिस्तानी खिलाड़ियों के बीच कहा-सुनी भी हुई.
दरअसल रिकी पोंटिंग के ख़िलाफ़ विकेटकीपर के कैच की अपील पहले अंपायर ने ठुकरा दी, लेकिन जब पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने फ़ैसले को चुनौती दी, तो पोंटिंग को आउट दिया गया.
रीप्ले में स्पष्ट था कि पोंटिंग के बल्ले से गेंद लगती हुए विकेटकीपर के दस्ताने में गई थी. इस बीच पोंटिंग पाकिस्तानी खिलाड़ियों से उलझ गए.
ब्रैड हैडिन ने अपील कर रहे दो पाकिस्तानी खिलाड़ियों को धकेल दिया.
पाकिस्तान की ओर से उमर ग़ुल ने तीन विकेट लिए तो अब्दुल रज़्ज़ाक़ ने आठ रन देकर दो विकेट चटकाए.

























