सेमीफ़ाइनल में पहुँचा पाकिस्तान

शाहिद अफ़रीदी
प्रकाशित

विश्व कप के पहले क्वार्टर फ़ाइनल में वेस्टइंडीज़ को 10 विकेट से हराकर पाकिस्तान ने सेमी फ़ाइनल में जगह बना ली है.

जीत के लिए 113 रनों का पीछा कर रही पाकिस्तान की टीम ने बिना किसी नुक़सान के 20.5 ओवर में ही जीत हासिल कर ली.

कामरान अकमल 47 और मोहम्मद हफ़ीज़ 61 रनों पर नाबाद रहे.

इससे पहले कप्तान शाहिद अफ़रीदी की धारदार गेंदबाज़ी के कारण वेस्टइंडीज़ की टीम 43.3 ओवरों में 112 रन बनाकर आउट हो गई. शिवनारायण चंद्रपॉल ने सर्वाधिक 44 रन बनाए और नाबाद रहे.

प्रदर्शन

रामनरेश सरवन ने 24 और केमार रोच ने 16 रनों का योगदान दिया. इन तीनों के अलावा किसी भी खिलाड़ी का स्कोर दोहरे अंक में नहीं गया.

मोहम्मद हफ़ीज़ और अकमल
इमेज कैप्शन, हफ़ीज़ और अकमल ने धमाकेदार बल्लेबाज़ी की

कप्तान शाहिद अफ़रीदी ने चार विकेट लिए. दो-दो विकेट मोहम्मद हफ़ीज़ और सईद अजमल को और एक-एक विकेट उमर गुल और अब्दुल रज़्ज़ाक़ को मिला.

वेस्टइंडीज़ के तीन विकेट सिर्फ़ 16 रन पर गिर गए थे. उसके बाद चंद्रपॉल और सरवन ने पारी संभालने की ज़रूर कोशिश की, लेकिन वे रन नहीं बना पाए.

आख़िरकार सरवन 24 रन बनाकर अफ़रीदी की गेंद पर आउट हो गए. सरवन के आउट होने के बाद केरॉन पोलार्ड एक रन और डेवॉन थॉमस बिना कोई रन बनाए आउट हो गए.

साझेदारी

वेस्टइंडीज़ के आठ विकेट 71 रन पर ही गिर गए थे. लेकिन केमार रोच और चंद्रपॉल ने कुछ समय तक विकेट नहीं गिरने दिया. हालाँकि वे रन भी नहीं बना पा रहे थे. लेकिन उन्होंने नौवें विकेट के लिए 40 रनों की अहम साझेदारी की.

उमर गुल
इमेज कैप्शन, गुल ने गेल को आउट कर अच्छी शुरुआत की

उमर ग़ुल ने पारी की शुरुआत में ही वेस्टइंडीज़ को तगड़ा झटका दिया, जब उसके धाकड़ सलामी बल्लेबाज़ क्रिस गेल जल्द ही आउट हो गए.

क्रिस गेल सिर्फ़ आठ रन बनाकर कैच आउट हुए. उनका कैच शाहिद अफ़रीदी ने लपका.

डेवॉन स्मिथ का विकेट मोहम्मद हफ़ीज़ ने लिया, जिन्होंने सात रन बनाए. जबकि डेरेन ब्रैवो बिना खाता खोले आउट हो गए, उनका विकेट भी हफ़ीज़ को मिला.