श्रीलंका भी सेमी फ़ाइनल में

इमेज स्रोत, Getty Images
श्रीलंका की टीम ने कोलंबो में हुए विश्व कप के आख़िरी क्वार्टर फ़ाइनल में इंग्लैंड को 10 विकेट से हराकर सेमी फ़ाइनल में जगह बना ली है.
पहले सेमी फ़ाइनल में श्रीलंका का मुक़ाबला अब न्यूज़ीलैंड से होगा. ये मैच 29 मार्च को कोलंबो में खेला जाएगा.
श्रीलंका को ये मैच जीतने के लिए 230 रनों का लक्ष्य मिला था, जो उसने बिना विकेट गँवाए 39.3 ओवर में ही हासिल कर लिया.
तिलकरत्ने दिलशान 108 और उपुल थरंगा 102 रन बनाकर नाबाद रहे.
बल्लेबाज़ी
इससे पहले इंग्लैंड ने टॉस जीतकर बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया और 50 ओवर में छह विकेट पर 229 रन बनाए.

इमेज स्रोत, AP
इंग्लैंड की ओर से जोनाथन ट्रॉट ने बेहतरीन पारी खेली और 86 रन बनाकर आउट हुए. मॉर्गन ने 50 और रवि बोपारा ने 31 रन बनाए. इंग्लैंड के दो विकेट सिर्फ़ 31 रन पर गिर गए थे.
इस मैच में इंग्लैंड के कप्तान एंड्रयू स्ट्रॉस नाकाम रहे और सिर्फ़ पाँच रन बनाकर तिलकरत्ने दिलशान की गेंद पर आउट हो गए.
इयन बेल ने शुरू में तेज़ी से रन बनाए लेकिन 25 रन बनाने के बाद वे भी आउट हो गए. उनका विकेट एंजेलो मैथ्यूज को मिला.
पारी
जोनाथन ट्रॉट और रवि बोपारा ने तीसरे विकेट के लिए 64 रन बनाए. लेकिन रवि बोपारा 31 रन बनाकर आउट हो गए.

इमेज स्रोत, PA
इसके बाद मॉर्गन और ट्रॉट ने अच्छी बल्लेबाज़ी की और चौथे विकेट के लिए महत्वपूर्ण 91 रन जोड़े. अर्धशतक बनाने के बाद ठीक 50 रन पर मॉर्गन आउट हो गए. उनका विकेट लसिथ मलिंगा को मिला.
ग्रैम स्वान बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए. सबसे आख़िरी में जोनाथन ट्रॉट आउट हुए, जिन्होंने 86 रनों की अच्छी पारी खेली. मैट प्रायर 22 रन बनाकर नाबाद रहे.
श्रीलंका की ओर से मुरलीधरन ने दो विकेट लिए. मलिंगा, दिलशान, मैथ्यूज और मेंडिस को एक-एक विकेट मिला.

























