सानिया ने युगल ख़िताब जीता

सानिया और एलीना
इमेज कैप्शन, सानिया मिर्ज़ा और एलीना वेस्नीना की साथ में ये दूसरी ख़िताबी जीत है
प्रकाशित

भारत की टेनिस स्टार सानिया मिर्ज़ा ने रूस की एलीना वेस्नीना के साथ मिलकर फ़ैमिली सर्कल कप जीत लिया है.

दोनों की ये दूसरी युगल ख़िताबी जीत है. इस जोड़ी ने अमरीका की बेथनी माटेक सैंड्स और मेघन शॉगनेसी की जोड़ी को सीधे सेटों में हरा दिया.

अमरीकी जोड़ी प्रतियोगिता में चौथी वरीयता प्राप्त थी और सानिया-एलीना की जोड़ी को सीधे सेटों में 6-4, 6-4 से जीत हासिल हुई.

ये जोड़ी तीन हफ़्ते पहले इंडियन वेल्स प्रतियोगिता का ख़िताब भी जीत चुकी है.

सानिया और एलीना की जोड़ी को पहले सेट में एक समय 5-1 की बढ़त हासिल हो गई थी मगर उसके बाद अमरीकी जोड़ी ने ज़बदस्त वापसी की और ये बढ़त घटकर 5-4 हो गई.

दूसरा सेट

उसके बाद भारतीय और रूसी जोड़ी ने 6-4 से ये सेट अपने नाम किया.

दूसरे सेट में भी कुछ ऐसी ही कहानी बनी क्योंकि सानिया और एलीना की जोड़ी ने 4-0 तक की बढ़त बना ली और उसके बाद दोनों ही अपनी सर्विस बरक़रार नहीं रख सकीं. इस तरह स्कोर 4-4 से बराबर हो गया.

मगर उसके बाद एलीना ने एक ज़बरदस्त फ़ोरहैंड शॉट खेलकर जीत अपने नाम कर ली.

ये जोड़ी पाँचवीं बार एक साथ कोर्ट पर उतरी थी और शुरुआत में दुबई ओपन और दोहा ओपन के क्वॉर्टर फ़ाइनल तक भी पहुँचे.

इसके बाद उन्होंने इंडियन वेल्स में ख़िताब जीता मगर मयामी में शुरुआती दौर में ही बाहर हो गए.