मुंबई इंडियंस की दूसरी जीत

इमेज स्रोत, AFP
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के एक मैच में मुंबई इंडियंस ने रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर को नौ विकेट से हराकर इस सीज़न में लगातार दूसरी जीत दर्ज की है.
रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर ने तिलकरत्ने दिलशान के नाबाद 59 रनों और एबी डी वेलियर्स के 38 रनों की मदद से 20 ओवरों में चार विकेट पर 140 रन बनाए.
जवाब में मुंबई इंडियंस ने अंबाटी रायडू के नाबाद 63 और सचिन तेंदुलकर के नाबाद 55 रनों की बदौलत 18.3 ओवरों में ही लक्ष्य हासिल कर लिया.
आईपीएल-4 में मुंबई इंडियंस की ये लगातार दूसरी जीत है. पहले मैच में मुंबई इंडियंस ने डेल्ही डेयर डेविल्स को हराया था.
बंगलौर में हुए इस मैच में मुंबई इंडियंस के कप्तान सचिन तेंदुलकर ने टॉस जीतकर पहले फ़ील्डिंग करने का फ़ैसला किया.
लसिथ मलिंगा ने एक बार अपनी बेहतरीन गेंदबाज़ी से सबका मन मोह लिया. उन्होंने मैच की पहली ही गेंद पर मयंक अग्रवाल को क्लीन बोल्ड कर दिया.
विराट कोहली 12 रन ही बना पाए. लेकिन सलामी बल्लेबाज़ के रूप में आए तिलकरत्ने दिलशान आख़िर तक डटे रहे. बीच में एबी डी वेलियर्स ने उनका अच्छा साथ निभाया और 38 रन बनाए.
प्रदर्शन
सौरभ तिवारी ने आख़िर में तेज़ी से 16 रन बनाए. दिलशान 59 रन बनाकर नाबाद रहे. रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर ने 20 ओवरों में चार विकेट पर 140 रन बनाए. मुंबई इंडियंस की ओर से मलिंगा और पोलार्ड ने दो-दो विकेट लिए.

इमेज स्रोत, AP
जीत के लिए 141 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही मुंबई इंडियंस की टीम ने बेहतरीन शुरुआत की. सचिन तेंदुलकर और डेवी जैकॉब्स ने तेज़ी से रन बटोरना शुरू किया.
जैकॉब्स ने आक्रामक पारी खेली और अपनी पारी में दो छक्के भी लगाए. लेकिन वे 16 गेंदों पर 22 रन बनाकर आउट हो गए. उसके बाद अंबाटी रायडू आए और उन्होंने सचिन तेंदुलकर के साथ मिलकर अपनी टीम को जीत दिला दी.
रायडू ने आक्रामक स्ट्रोक्स लगाए और कई शॉट्स पर मास्टर ब्लास्टर की सराहना भी बटोरी. सचिन ने भी अच्छी पारी खेली और 55 रन बनाकर नाबाद रहे. जबकि रायडू ने 63 रन बनाए.
सचिन तेंदुलकर को मैन ऑफ़ द मैच चुना गया, लेकिन उन्होंने ये पुरस्कार अंबाटी रायडू के साथ बाँटा.

























