आईपीएल से जल्दी लौटने का निर्देश

इमेज स्रोत, AP
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के चौथे संस्करण में हिस्सा ले रहे श्रीलंकाई क्रिकेटरों को जल्दी स्वदेश लौटने का निर्देश दिया गया है, ताकि मई में होने वाले इंग्लैंड दौरे के लिए तैयार की जा सके.
श्रीलंका के खेल मंत्री महिंदानंद अलुथगामगे ने बताया, "राष्ट्रीय चयन समिति की सिफ़ारिश पर मैंने बोर्ड के सचिव को ये निर्देश दिया है कि खिलाड़ियों को सूचित कर दें कि इंग्लैंड दौरे की तैयारी के लिए वे पाँच मई तक स्वदेश लौट आएँ."
श्रीलंका की टीम 10 मई से इंग्लैंड दौरे पर जा रही है.
इस समय आईपीएल में श्रीलंका के कई वरिष्ठ खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, इनमें प्रमुख हैं- कुमार संगकारा, महेला जयवर्धने, तिलकरत्ने दिलशान और लसिथ मलिंगा.
कप्तानी
संगकारा और जयवर्धने तो दो टीमों की कप्तानी भी कर रहे हैं. कुमार संगकारा के पास डेक्कन चार्जर्स की कमान है, तो महेला जयवर्धने कोच्चि की टीम की बागडोर संभाले हुए हैं.

इमेज स्रोत, Getty
आईपीएल में हिस्सा ले रहे श्रीलंका की राष्ट्रीय टीम के अनुबंधित खिलाड़ियों से कहा गया है कि वे पाँच मई तक स्वदेश लौट आएँ. जबकि आईपीएल 28 मई को ख़त्म हो रहा है.
श्रीलंका के खेल मंत्री का कहना है कि जब श्रीलंका क्रिकेट के अनुबंधित खिलाड़ी किसी अन्य प्रतियोगिता में जाते हैं, तो उन्हें ये सुनिश्चित करना चाहिए कि उनकी प्राथमिकता राष्ट्रीय टीम है और इसे भविष्य में कड़ाई से लागू किया जाएगा.
श्रीलंका सरकार का ये फ़ैसला तीन साल पहले लिए गए फ़ैसले से बिल्कुल अलग है, जब ट्वेन्टी 20 लीग में हिस्सा लेने के लिए वर्ष 2009 में श्रीलंका का इंग्लैंड दौरा रद्द कर दिया गया था.

























