ज़ुलक़रनैन हैदर पाकिस्तान लौटेंगे

लगभग छह महीने पहले पाकिस्तान टीम को दुबई में छोड़कर लंदन भागे विकेटकीपर ज़ुलक़रनैन हैदर ने कहा है कि वे पाकिस्तान लौट रहे हैं.
हैदर दुबई में पाकिस्तानी टीम के दक्षिण अफ़्रीका से मैच के कुछ घंटे पहले रहस्यमयी तरीके से लंदन चले गए थे. वहां उन्होंने राजनीतिक शरण के लिए अर्जी दी थी.
उस वक़्त हैदर ने कहा था कि मैच फ़िक्सिंग में लगे लोग उनको और उनके परिवार को धमकियां दे रहे हैं.
अब ज़ुलक़रनैन हैदर कह रहे हैं कि उन्हें पाकिस्तानी अधिकारियों ने सुरक्षा का आश्वासन दिया है.
ज़ुलक़रनैन के आरोपों पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने एक जांच समिति का गठन किया था. इस समिति ने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि इस बात के सबूत हैं कि हैदर की दिमाग़ी हालत स्थिर नहीं है.
ज़ुलक़रनैन हैदर के भाई अकील हैदर ने बीबीसी को बताया है कि उनके भाई 25 अप्रैल को पाकिस्तान लौट रहे हैं.
अकील हैदर ने कहा कि ज़ुलक़रनैन ने ब्रिटेन मे राजनीतिक शरण के लिए दी अपनी अर्जी वापिस ले ली है.
उन्होंने कहा कि ज़ुलक़रनैन ने ये फ़ैसला पाकिस्तान के गृहमंत्री के उन्हें पूरी सुरक्षा देने के आश्वासन के बाद लिया है.
अकील हैदर ने ज़ुलक़रनैन हैदर की पाकिस्तान क्रिकेट टीम वापसी की भी उम्मीद ज़ाहिर की.

























