भारत ने टॉस जीता, गेंदबाज़ी का फैसला

मिशबाह उल हक़
इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के कप्तान मिशबाह उल हक़ के मुताबिक उनकी टीम भारत के साथ मुक़ाबले को फाइनल की तरह ले रही है.
प्रकाशित

आज चैंपियंस ट्रॉफी के मुकाबले में भारत और पाकिस्तान का बहुप्रतीक्षित मुकाबला एजबेस्टन में हो रहा है. भारत नेटॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फैसला किया है.

यूं तो टूर्नामेंट के लिहाज से इस मैच का कोई खास मतलब नहीं है क्योंकि भारत पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुका है और पाकिस्तान की टीम अपने पहले दो मैच हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है लेकिन दोनों ही टीमें इस मुकाबले को कतई हल्के में लेने के मूड में नहीं हैं.

यहां तक कि पाकिस्तान के कप्तान मिसबाह उल हक़ तो इस औपचारिक मैच को 'फ़ाइनल' की संज्ञा दे रहे हैं.

महेंद्र सिंह धोनी
इमेज कैप्शन, भारतीय कप्तान एम एस धोनी मानते हैं कि पाकिस्तान के पास धारदार गेंदबाज़ी आक्रमण है.

मैच की पूर्व संध्या पर हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा, "ये हमारे लिए फ़ाइनल है. भारत विश्व चैंपियन टीम है. उन्हें हम अपने प्रशंसकों के वास्ते हराना चाहेंगे. भले ही हम टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. लेकिन ये मैच हमारे लिए बेहद ख़ास है."

उन्होंने माना कि भारतीय टीम ज़बरदस्त फॉर्म में है लेकिन साथ ही उम्मीद जताई कि उनकी टीम भारत को कड़ी टक्कर देगी.

वहीं भारत के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी मानते हैं कि पाकिस्तान का गेंदबाज़ी आक्रमण शानदार है.

धोनी ने कहा, "पाकिस्तान के पास बेहतरीन गेंदबाज़ हैं. मुकाबला दिलचस्प होगा. लेकिन हम इस मैच के लिए कोई ख़ास रणनीति नहीं अपनाएंगे"

'धवन नहीं धोनी से खतरा'

भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में ज़बरदस्त फॉर्म में चल रही है और उन्होंने दक्षिण अफ्रीका और वेस्ट इंडीज़ को आसानी से हरा दिया था.

भारत के सलामी बल्लेबाज़ शिखर धवन ने दोनों ही मैचों में शानदार शतक बनाए. लेकिन पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर राशिद लतीफ धवन से ज़्यादा खतरनाक धोनी और विराट कोहली को मानते हैं.

समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए लतीफ ने कहा, "मुझे लगता है धवन पाकिस्तान के तेज़ गेंदबाज़ों के सामने सहज नहीं हो पाएंगे. मुझे विराट कोहली और महेंद्र सिंह धोनी से ज़्यादा खतरा महसूस हो रहा है. वो उच्च स्तरीय बल्लेबाज़ हैं."

शिखर धवन
इमेज कैप्शन, भारतीय बल्लेबाज़ शिखर धवन इस टूर्नामेंट में दो लगातार शतक जमा चुके हैं.

वहीं एक और पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर मोहसिन खान भी मानते हैं कि भले ही भारतीय बल्लेबाज़ फॉर्म में है, पाकिस्तान के तेज़ गेंदबाज़ों जुनैद खान और मोहम्मद इरफान से निपटना भारतीय बल्लेबाजों के लिए आसान नहीं होगा.

मौसम

एजबेस्टन में होने वाले इस मैच को लेकर खासा उत्साह है. पूरे मैच के टिकट आधे घंटे के अंदर ही बिक गए.

हालांकि मैच पर बारिश का साया है. कल भी वहां बारिश हो रही थी इसलिए दोनों ही टीमों को इनडोर में अभ्यास करने के लिए मजबूर होना पड़ा.

(बीबीसी हिन्दी के <link type="page"><caption> एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक </caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link>करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)