आईपीएल: कोलकाता की जीत में चमके पठान

यूसुफ़ पठान
प्रकाशित

आईपीएल में शनिवार को कोलकाता नाइट राइडर्स ने सनराइज़र्स हैदराबाद को चार विकेट से और चेन्नई सुपरकिंग्स ने रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर को आठ विकेट से हरा दिया.

जहां चेन्नई की जीत के हीरो रहे महेंद्र सिंह धोनी, वहीं यूसुफ़ पठान की ताबड़तोड़ बल्लेबाज़ी ने कोलकाता नाइट राइडर्स को आईपीएल में अंकतालिका में दूसरे स्थान पर पहुंचा दिया.

शनिवार को बंगलौर में खेले गए पहले मैच में बंगलौर ने चेन्नई के सामने जीत के लिए 155 रन का लक्ष्य रखा था, जिसे चेन्नई ने सिर्फ़ दो विकेट खोकर 17.4 ओवर में हासिल कर लिया.

बंगलौर ने पहले खेलते हुए निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट खोकर 154 रन बनाए.

हालांकि बंगलौर की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने बहुत जल्दी-जल्दी विकेट गंवाए लेकिन कप्तान विराट कोहली के 73 रनों की मदद से बंगलौर की टीम 150 का स्कोर पार करने में कामयाब रही.

चेन्नई के लिए आशीष नेहरा ने तीन विकेट लिए.

महेंद्र सिंह धोनी
इमेज कैप्शन, महेंद्र सिंह धोनी ने बंगलौर के ख़िलाफ़ 49 रन बनाए.

चेन्नई को ड्वेन स्मिथ और फ़ाफ़ डू प्लेसी ने मज़बूत शुरुआत दी. स्मिथ ने 34 और डू प्लेसी ने 54 रन बनाए. चेन्नई की टीम कहीं भी दबाव में नहीं लगी और बाकी बची कसर महेंद्र सिंह धोनी ने 28 गेंद में 49 रन बनाकर पूरी कर दी.

कोलकाता की जीत

दिन का दूसरा मैच दर्शकों के लिए ज़्यादा मनोरंजक साबित हुआ. यूसुफ़ पठान ने कोलकाता में हैदराबाद की गेंदबाज़ी को तहस-नहस कर दिया.

हैदराबाद ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट खोकर 160 रन का सम्मानजनक स्कोर बनाया.

हैदराबाद के लिए धवन और डेरेन सामी ने 29-29 रन बनाए, नमन ओझा ने 26 और वेणुगोपाल राव ने 27 रन बनाए.

कोलकाता के लिए 161 रन का लक्ष्य ज़्यादा मुश्किल साबित नहीं हुआ. पहले उथप्पा ने 30 गेंदों में 41 और गौतम गंभीर ने 18 गेंदों में 28 रन की पारी खेली. जब ये लग रहा था कि उथप्पा, रायन टेन डशकाटे और शाकिल अल हसन के विकेट गंवाकर कोलकाता मुश्किल में है तब यूसुफ़ पठान ने सिर्फ़ 22 गेंदों में 72 रन बनाकर मैच एकतरफ़ा बना दिया.

पठान ने दो जीवनदान का पूरा फ़ायदा उठाया और सिर्फ़ 15 गेंद में आईपीएल के इतिहास का सबसे तेज़ अर्धशतक जड़ा. उन्होंने सात छक्के और पांच चौके लगाए. कोलकाता ने 14.2 ओवर में ही 161 रन बना लिए.

अब चेन्नई की टीम अंकतालिका में तीसरे स्थान पर है और कोलकाता को पहले क्वालीफ़ायर में 27 मई को किंग्स इलेवन पंजाब का मुकाबला करना है.

<bold>(बीबीसी हिंदी का एंड्रॉयड मोबाइल ऐप डाउनलोड करने के लिए <link type="page"><caption> यहां</caption><url href="http://www.bbc.co.uk/hindi/multimedia/2013/03/130311_bbc_hindi_android_app_pn.shtml" platform="highweb"/></link> क्लिक करें. आप हमारे <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> पन्ने पर भी आ सकते हैं और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)</bold>