सरीना ने छठी बार जीता विंबलडन

प्रकाशित

अमरीका की सरीना विलियम्स ने स्पेन की गैरबीन मुगुरुज़ा को 6-4 और 6-4 से हराकर विंबलडन में महिला सिंगल्स का ख़िताब अपने नाम कर लिया है.

ये विंबलडन के महिला सिंगल्स में उनका छठा ख़िताब है.

फ़ाइनल की शुरुआत सरीना के लिए जितनी ख़राब रही, अंत उतना ही अच्छा.

पहले सेट के पहले गेम में मुगुरुज़ा ने सरीना की सर्विस ब्रेक कर दी थी. सरीना पर इसका काफ़ी असर दिखा.

क्योंकि तीन डबल फॉल्ट के कारण सरीना ने पहला गेम गँवाया था.

ज़बरदस्त वापसी

मुगुरुज़ा को अच्छा मौक़ा मिला सरीना पर बढ़त बनाने का और उन्होंने ऐसा किया भी.

लेकिन एक बार सरीना ने वापसी की, तो फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा.

सरीना ने ऐन मौक़े पर मुगुरुज़ा की सर्विस ब्रेक की और फिर दोबारा ब्रेक करके पहला सेट 6-4 से जीत लिया.

दूसरे सेट में तो सरीना ने मुगुरुज़ा को मौक़ा ही नहीं दिया और एक समय वे 5-1 से आगे चल रही थी.

मुगुरुज़ा ने सरीना की सर्विस ब्रेक करके मैच में वापसी की कोशिश की. लेकिन सरीना ने आख़िकार ये सेट 6-4 से जीतकर ख़िताब अपने नाम किया.

रिकॉर्ड

इस जीत के साथ ही सरीना विलियम्स सबसे ज़्यादा उम्र 33 साल 289 दिन में विंबलडन के ओपन दौर में ख़िताब जीतने वाली महिला खिलाड़ी बन गई है.

इससे पहले ये रिकॉर्ड मार्टिना नवरातिलोवा के नाम था. मार्टिना ने 1990 में अपना आख़िरी विंबलडन ख़िताब जीता था. लेकिन वो उस समय 33 साल 263 दिन की थी.

इस ख़िताबी जीत के साथ ही सरीना स्टेफ़ी ग्राफ़ के 22 ग्रैंड स्लैम ख़िताब के और क़रीब आ गई हैं. अब सरीना के नाम 21 ग्रैंड स्लैम ख़िताब हैं.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक करें</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link>. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>