पेस और हिंगिस क्वार्टर फ़ाइनल में

इमेज स्रोत, AFP
भारत के लिएंडर पेस और स्विट्ज़रलैंड की मार्टिना हिंगिस की जोड़ी फ़्रेंच ओपन टेनिस में मिक्स्ड डबल्स के क्वार्टर फ़ाइनल में पहुँच गई है.
पेस और हिंगिस ने दूसरे दौर के मैच में रोमानिया के फ़्लोरीन मेर्जा और कज़ाख़्स्तान की यारोस्लाव श्वेडोवा की जोडी को 2-6, 7-5 और 10-6 से मात दी.
पहले सेट में पेस और हिंगिस का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा. वे 2-3 से पिछड़ रहे थे, जब बारिश ने मैच में रुकावट डाली.

इमेज स्रोत, AP
मैच जब दोबारा शुरू हुआ, तो लगातार तीन गेम हारकर पेस और हिंगिस ने पहला सेट 2-6 से गँवा दिया.
दूसरे सेट में भी मुक़ाबला काफ़ी तगड़ा रहा. लेकिन पेस और हिंगिस ने 7-5 से सेट जीतकर मैच में वापसी की.
फिर तीसरे सेट में भी मुक़ाबला ज़बरदस्त रहा. लेकिन 10-6 से सेट जीतकर उन्होंने क्वार्टर फ़ाइनल में जगह बनाई.

इमेज स्रोत,
मिक्स्ड डबल्स में ही भारत के रोहन बोपन्ना और रूस की एला कुद्रियाफ़ेस्तेवा की जोड़ी दूसरे दौर में पहुँच गई है. पहले दौर में उन्हें वॉक ओवर मिल गया.
पुरुषों के डबल्स में भी भारत की उम्मीदें बरकरार हैं, जहाँ पेस और बोपन्ना अपने-अपने जोड़ीदारों के साथ तीसरे दौर में पहुँच गए हैं.
महिलाओं के डबल्स में शीर्ष वरीयता प्राप्त मार्टिना हिंगिस और सानिया मिर्ज़ा की जोड़ी तीसरे दौर में है. जबकि मिक्स्ड डबल्स में सानिया मिर्ज़ा और इयन डॉडिग की जोड़ी दूसरे दौर में है.

























