ओपेल और वॉक्सहॉल मैगना को मिलेंगी

जनरल मोटर्स ने अपनी दो कंपनियों ओपेल और वॉक्सहॉल को कनाडा की कार पुर्ज़े बनाने वाली कंपनी मैगना को बेचने की घोषणा की है.
जनरल मोटर्स के इस फ़ैसला का जर्मन चांसलर एंगेला मर्केल ने स्वागत करते हुए कहा है कि वह इस फ़ैसले पर बहुत ख़ुश हैं.
कनाडियन कंपनी मैगना को रूस के स्बेरबैंक का समर्थन हासिल है. मैगना ने कहा है कि वह जर्मनी स्थिति सभी चार कारख़ानों को खुला रखेगा यानी उनमें उत्पादन जारी रहेगा.
लेकिन ब्रिटिश मज़दूर संगठनों ने वॉक्सहॉल में काम करने वाले लगभग साढ़े पाँच हज़ार कर्मचारियों के भविष्य पर चिंता जताई है. ग़ौरतलब है कि ओपेल ब्रांड की कार कंपनियाँ जर्मनी में बनती हैं जबकि वॉक्सहॉल ब्रिटेन में कार बनाती है.
मैगना के एक प्रवक्ता ने कहा कि ब्रिटेन के ल्यूटन स्थित वैन कारख़ाने में उत्पादन 2013 तक जारी रखा जाएगा और उसके बाद भी कारख़ाने में कामकाज जारी रखने के लिए रास्ता निकालने की कोशिश की जाएगी.
ब्रिटेन के मज़दूर संगठन यूनाइट के महासचवि टोनी वुडली ने कहा है, "वॉक्सहॉल के मालिकाना हक़ के बारे में जारी संदेह के बादल अब छँट गए हैं लेकिन वॉक्सहॉल के ब्रिटेन स्थित कारख़ानों के दीर्घकालीन भविष्य के बारे में अनिश्चितता अभी छँटी नहीं है."
टोनी वुडली ने कहा, "हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि कारख़ानों में बड़ा फेरबदल करने की प्रक्रिया में ब्रिटेन स्थित कारख़ाने और लोगों के साथ अनुचित रूप से बर्ताव ना किया जाए."
मर्केल की निजी जीत
जनरल मोटर्स नई ओपेल कंपनी में 55 प्रतिशत भागीदारी मैगना और रूसी स्बेरबैंक को बेचेगी, कर्मचारियों को दस प्रतिशत भागीदारी मिलेगी और बाक़ी हिस्सा जनरल मोटर्स के पास ही रहेगा.

जनरल मोटर्स की तरफ़ से जारी एक वक्तव्य में कहा गया है कि अब भी बहुत से महत्वपूर्ण मुद्दों को सुलझाया जाना बाक़ी है जिनमें ख़र्च में कटौती करने के कार्यक्रमों को मज़दूर संगठनों की लिखित रज़ामंदी भी शामिल है.
जनरल मोटर्स ने कहा है कि अभी जर्मन सरकार से वित्तीय सहायता पैकेज को भी अंतिम रूप दिया जाना बाक़ी है.
बीबीसी को कारोबारी मामलों के संवाददाता मार्टिन शंकलमैन का कहना है कि ये एक ऐसा विकल्प था जिसका जनरल मोटर्स का बोर्ड विरोध कर रहा था.
ब्रिटेन के मज़दूर संगठनों ने भी इसका विरोध किया था क्योंकि उन्हें आशंका थी कि ज़्यादा बड़ी संख्या में कर्मचारियों की छँटनी ब्रिटेन में ही हो सकती है.
इन मज़दूर संगठनों ने इस विकल्प का समर्थन किया था कि जनरल मोटर्स वॉक्सहॉल का मालिकाना हक़ अपने पास ही रखे और यह विकल्प ब्रिटेन में कर्मचारियों की नौकरियाँ बचाने के लिए सबसे बेहतर साबित हो सकता था.
जर्मन चांसलर एंगेला मर्केल ने कहा है कि इस मामले पर लंबी और धैर्यपूर्वक चली बातचीत के बाद यह समझौता हो सका है.
बर्लिन स्थित बीबीसी संवाददाता स्टीव रोज़ेनबर्ग का कहना है कि यह समझौता एंगेला मर्केल के लिए एक निजी जीत है क्योंकि उन्होंने इस सौदे को अपनी प्रतिष्ठा का मुद्दा बना लिया था.
पूरे यूरोपय में ओपेल के कारख़ानों में लगभग 54 हज़ार 500 कर्मचारी काम करते हैं जिनमें से लगभग 25 हज़ार जर्मनी में हैं.
वॉक्सहॉल ब्रिटेन में लगभग साढ़े पाँच हज़ार कर्मचारियों को नौकरी देता है और ये कर्मचारी मुख्यरूप से दो कारख़ानों - ल्यूटन और एलेसमेयर पोर्ट में काम करते हैं.

























