सेंसेक्स 17,000 के पार पहुंचा

शेयर बाज़ार
इमेज कैप्शन, शेयर बाज़ार के इस दीवाली तक बढ़ने की उम्मीद की जा रही है
प्रकाशित

भारतीय शेयर बाज़ार पिछले 16 महीनों में पहली बार 17,000 के आकड़े को पार कर गया है.

बुधवार को सेंसेक्स में 273 अंकों की ज़बर्दस्त बढ़त देखी गई और बाज़ार 17,126 पर बंद हुआ.

इससे पहले 21 मई 2008 को सेंसेक्स इस स्तर पर था. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में भी बुधवार को 77 अंकों की बढ़त देखी गई और सेंसेक्स 5,083 पर बंद हुआ है.

रिलायंस, इंफोसिस, आईसीआईसीआई, विप्रो और एसबीआई के शेयरों की स्थिति और मजबूत हुई है जबकि आईटीसी, एयरटेल, ओएनजीसी के शेयरों के भाव कम हुए हैं.

वैसे पिछले कुछ दिनों से सेंसेक्स धीरे धीरे ऊपर चढ़ रहा था और प्रेक्षक मान रहे थे कि दीवाली तक सेंसेक्स में बढ़ोतरी होगी.

बुधवार को दिन के कारोबार में बाज़ार 17,142 पर पहुंचा था और गिरावट के स्तर पर 16,868 पर गया था.

उल्लेखनीय है कि क़रीब दो वर्ष पहले सेंसेक्स 21 हज़ार तक पहुंच गया था लेकिन उसके बाद धीरे धीरे बाज़ार नीचे आने लगा.

वैश्विक मंदी के कारण एक समय बाज़ार आठ हज़ार के आकड़े तक पहुंच गया था लेकिन पिछले चार-पांच महीनों में इसमें धीरे धीरे सुधार होता जा रहा है लेकिन अभी भी प्रेक्षक इस तेज़ी को स्थायी नहीं मान रहे हैं.

ऐसा इसलिए भी है क्योंकि दुनिया के अधिकतर बाज़ार अभी भी मंदी की मार से बाहर नहीं निकले हैं और जैसे जैसे अर्थव्यवस्था की स्थिति बेहतर होगी उसी हिसाब से बाज़ारों के भी बेहतर होने की संभावना जताई जा रही है.