शेयर बाज़ार की लंबी छलांग

शेयर बाज़ार
प्रकाशित

भारतीय शेयर बाज़ार में एक बार फिर लंबी छलांग लगाई है और उसने मंगलवार को शुरुआती कारोबार में 20 हज़ार का स्तर पार कर लिया है.

उसने 17 जनवरी,2008 के बाद पहली बार इस स्तर को पार किया है.

बाज़ार में ये तेज़ी तेल, गैस और बैंकिंग क्षेत्रों में जमकर ख़रीददारी के कारण हुई.

मुंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का संवेदी सूचकांक शुरुआती कारोबार में135 अंकों की बढ़त के साथ 20,041 पर पहुँच गया.

इस दौरान सभी क्षेत्रों के सूचकांकों में बढ़त देखी गई.

इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ़्टी 36 अंकों की बढ़त के साथ 6016 के स्तर पर जा पहुँचा.

बीएसई और निफ़्टी ने लगभग 32 महीनों के बाद इस स्तर को छुआ है.

विशेषज्ञों का कहना है कि विदेशी निवेश और भारत की तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के कारण शेयर बाज़ारों में ये तेज़ी देखने को मिली है.

योजना आयोग के उपाध्यक्ष मोंटेक सिंह अहलूवालिया ने मीडिया से बातचीत में कहा कि शेयर बाज़ार में बढ़त ये दिखाती है कि भारत की अर्थव्यवस्था अच्छी स्थिति में है.

मोंटेक सिंह का कहना था कि हम सेंसेक्स पर नहीं अर्थव्यवस्था पर नज़र रखते हैं.