राजीव की 'मैं जोकर'

फ़िल्म 'आमिर' से बॉलीवुड में क़दम रखने वाले टीवी अभिनेता राजीव खंडेलवाल अब जल्द ही एक नई फ़िल्म में नज़र आएंगे जिसका नाम है 'मैं जोकर'.
फ़िल्म में राजीव ने छह साल के एक बच्चे के पिता का रोल निभाया है जो उसे अकेले पालता-पोसता है.
इस रोल के बारे में राजीव कहते हैं, "ये बड़ी ही ख़ूबसूरत कहानी है - एक बाप और बेटे के बीच. फ़िल्म में मेरी पत्नी का देहांत हो जाता है और मैं अपने बच्चे को अकेले पालता हूं. इसके साथ मेरी एक प्रेम कहानी भी फ़िल्म में दिखाई गई."
इस फ़िल्म के निर्देशक विक्रम सूली हैं और इसमें राजीव के साथ नज़र आएंगी फ़िल्म 'रॉक ऑन' से बॉलीवुड में क़दम रखने वाली टीवी अभिनेत्री प्राची देसाई.
अपने करियर की शुरुआत में ही एक पिता का रोल करने पर राजीव को कोई आपत्ति नहीं है.
"मैंने जब इस फ़िल्म की पटकथा पढ़ी तो मेरे दिमाग़ में एक बार भी ये नहीं आया कि मैं एक पिता का रोल क्यों करूं. जब लोग ये फ़िल्म देखेंगे तो उन्हें एहसास होगा कि मेरा चुनाव ग़लत नहीं था."
फ़िल्म में राजीव के बेटे का रोल किया है बात कलाकार श्रेय बावा ने.
राजीव कहते हैं, "श्रेय एक बहुत ही अनुभवी कलाकार हैं. उन्होंने 'दोस्ताना' और 'भूतनथ' जैसी फ़िल्मों में काम किया है. जब मैं उनके साथ काम कर रहा था तो मुझे लगा कि मैं किसी बहुत ही मंझे हुए कलाकार के साथ काम कर रहा हूं. उन्हें अभिनय से जुड़ी सभी चीज़ों की बहुत अच्छी समझ है जो कभी-कभी बड़े कलाकारों को भी नहीं होती."

फ़िल्म की हीरोइन प्राची देसाई के साथ राजीव का एक चुंबन दृश्य फ़िल्माया जाना था लेकिन दोनों की हिचकिचाहट के चलते ऐसा नहीं हुआ.
राजीव कहते हैं, "मेरा और प्राची दोनों का मानना है कि स्क्रीन पर चुंबन दिखाने की कोई ख़ास ज़रूरत नहीं है इसलिए हमने निर्देशक से इस बारे में बात की और उन्हें समझाया कि हम ये करने में सहज नहीं हैं."
"प्राची और मैं बहुत अच्छे दोस्त हैं. वो एक बहुत ही अच्छी इंसान हैं. हम दोनों ने टीवी से शुरुआत की थी और हमारे अभिनय को उसी ने निखारा."
'मैं जोकर' के अलावा राजीव 'पीटर गया काम से' और 'तैनात' जैसी फ़िल्मों में भी काम कर रहे हैं.

























