लंदन ओलंपिक में रहमान बिखेरेंगे अपना जादू

भारतीय संगीतकार एआर रहमान के नाम एक और उपलब्धि जुड़ने जा रही है.
अब वे लंदन ओलंपिक के उद्घाटन समारोह के लिए एक गीत के लिए संगीत दे रहे हैं.
इसके लिए वे एक बार फिर डैनी बॉयल के साथ काम कर रहे हैं.
डैनी बॉयल वही फ़िल्म निर्देशक हैं जिनके साथ रहमान ने 'स्लमडॉग मिलेनियर' में काम करके 'जय हो' गीत के लिए ऑस्कर जीता था. इसके अलावा दोनों '127 ऑवर्स' में भी काम कर चुके हैं.
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार एआर रहमान ने कहा है कि ओलंपिक के लिए जिस गीत को वे संगीतबद्ध कर रहे हैं वह एक पंजाबी गीत है जो ब्रिटेन में भारतीय प्रभाव को रेखांकित करता है.
ख़बरें हैं कि वर्ष 1980 में आई कमल हासन की फ़िल्म 'राम लक्ष्मण' का एक गीत भी ओलंपिक के उद्घाटन समारोह का हिस्सा होगा.
इस गीत को सुप्रसिद्ध संगीतकार इलाइराजा ने संगीतबद्ध किया था.
लंदन ओलंपिक 27 जुलाई से शुरु होंगे और 12 अगस्त तक चलेंगे.

























