सलमान को सज़ा से कितना नुक़सान

सलमान ख़ान
    • Author, मधु पाल
    • पदनाम, मुंबई से, बीबीसी हिंदी के लिए
  • प्रकाशित

‘हिट एंड रन’ मामले में अदालत ने सलमान ख़ान को पाँच साल क़ैद की सज़ा सुनाई है.

सलमान की कई फ़िल्मों और विज्ञापनों में लगे करोड़ों रुपए दांव पर हैं.

बीबीसी हिंदी ने पड़ताल की कि आखिर कितना नुक़सान होगा.

करोड़ों दांव पर

सलमान ख़ान

सलमान खान बॉलीवुड के टॉप स्टार्स में से एक माने जाते हैं और जिस फ़िल्म में सलमान होते हैं वह फ़िल्म उनके नाम से ही चल जाती है. इसी वजह से आज के समय सलमान निर्माताओं की पहली पसंद बने हुए हैं.

मुंबई के जाने माने थिएटर गेट्टी गैलेक्सी और मराठा मंदिर के मालिक मनोज देसाई बताते हैं, "सलमान ख़ान अभी 10 से 12 फ़िल्में कर रहे हैं, हमारे करोड़ों रुपए डूबेंगे."

वह कहते हैं, "एक सिनेमा मालिक होने के नाते मैं जानता हूं कि अगर उनकी फ़िल्में रुकी तो इस बात से कतई इनकार नहीं किया जाता कि हमारी अच्छी खासी कमाई चली जाएगी क्योंकि उनकी फ़िल्में दर्शकों को सिनेमा तक खींच लाती हैं."

सलमान ख़ान

मनोज कहते हैं कि फ़िलहाल इंडस्ट्री के 600 से 700 करोड़ तक सलमान पर लगे हुए हैं.

नहीं होगा नुक़सान

आंकड़ों के हिसाब से सलमान की आने वाली दो फ़िल्में प्रेम रतन धन पायो और बजरंगी भाईजान पर निर्माताओं के 200 करोड़ रुपये लगे हुए हैं. वहीं विज्ञापन व अन्य प्रचार अभियान में लगभग 50 करोड़ की राशि दांव पर लगी हुई है.

लेकिन जाने माने ट्रेड एनालिस्ट आमोद मेहरा सलमान के केस से किसी भी नुक़सान से इनकार करते हैं, "मुझे नहीं लगता कि किसी को कुछ भी नुक़सान होगा क्योंकि भारत में किसी भी फ़ैसले से पहले ही उसके ख़िलाफ़ अपील का प्रबंध कर लिया जाता है."

संजय दत्त और सलमान ख़ान

वह कहते हैं, "संजय दत्त के मामले में भी 10-20 साल तो ऐसे ही निकल गए और अब सलमान ख़ान के केस में भी सेशंस कोर्ट से हाईकोर्ट और फिर सुप्रीम कोर्ट तक शायद 10 से 20 साल लग जाएंगे. उस वक्त 70 साल के सलमान पर करोड़ों का नुक़सान नहीं होगा."

वैसे आमोद के दावे में काफ़ी दम है क्योंकि सलमान की दो फ़िल्मों 'प्रेम रतन धन पायो' और 'बजरंगी भाईजान' को अगर छोड़ दें तो उनकी बाकी सभी लंबित फ़िल्में जैसे करण जौहर की शुद्धि, अरबाज़ ख़ान की दबंग 3, पार्टनर 2 तो अभी शुरू भी नही हुई हैं.

पब्लिसिटी

सलमान ख़ान

इस केस से कहीं न कहीं सलमान ख़ान और उनकी फ़िल्मों को पब्लिसिटी भी मिली है.

प्रेम रतन धन पायो और बजरंगी भाईजान जैसी फ़िल्मों का ज़िक्र इतनी बार मीडिया की रिपोर्ट में आ चुका है कि न चाहते हुए भी इन फ़िल्मों के बारे में सूचना लोगों तक पहुंच रही है.

आमोद मेहरा बताते हैं, "संजय दत्त जब 1993 में सजा मिलने पर जेल गए थे तब उनकी फ़िल्म खलनायक रिलीज़ हुई थी उस फ़िल्म के तीन दिन हाउस फ़ुल थे, जबरदस्त कमाई हुई थी. और अगर सलमान ख़ान जेल जाते हैं तो उनकी भी पिक्चर अपने आप हिट हो जाएगी."

वैसे अगर आंकड़ों को देखें तो सलमान ख़ान को इस फ़ैसले से कोई ख़ास नुक़सान नहीं होने वाला है.

सलमान ख़ान

सलमान अपनी फ़ीस जो लगभग 5 से 6 करोड़ है, वह ले चुके हैं और उनकी फ़िल्मों के सैटेलाइट राइट्स की डील भी खुद सलमान ख़ान के पास है.

ऐसे में उनकी आगामी दो फ़िल्में रिलीज़ होने पर लगभग 50 करोड़ उनके पास सीधे आ जाएगा ऐसे में सलमान ख़ान किसी तरह से घाटे में नज़र नहीं आते हैं.

<bold>(बीबीसी हिंदी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)</bold>