सुरेश रैना के फूफा की हत्या मामले में तीन गिरफ़्तार, क्या बोले रैना

क्रिकेट खिलाड़ी सुरेश रैना
    • Author, गुरप्रीत सिंह चावला
    • पदनाम, गुरदासपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए
  • प्रकाशित
  • पढ़ने का समय: 3 मिनट

भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी सुरेश रैना के रिश्तेदारों पर हमला करने वाले गैंग के तीन सदस्यों को पठानकोट पुलिस ने गिरफ़्तार किया है.

पठानकोट पुलिस ने प्रेस कांफ्रेंस करके बताया कि पकड़े गये तीन लोगों के बाकी 11 और साथियों की तलाश की जा रही है. गैंग के 14 लोगों में 11 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल हैं.

यह भी सामने आया है कि तीनों अपराधियों ने अपने साथियों सहित मिलकर पहले घटनास्थल की जांच-पड़ताल की थी और फिर सीढ़ी से अंदर घुसे थे.

19-20 अगस्त की देर रात को लूट की नीयत से सुरैश रैना की बुआ के घर पर हमला किया गया था और जब हमला हुआ तो पूरा परिवार छत पर सोया था.

इस हमले में रैना के 58 साल के फूफा अशोक कुमार की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी. इसमें उनकी बुआ और भाइयों को भी गंभीर चोटें आई थीं. बाद में उनके एक फुफेरे भाई की भी मौत हो गई थी. इस हादसे के बाद रैना आईपीएल छोड़कर तुरंत घर वापस आ गए थे.

पठानकोट पुलिस ने गिरफ़्तार किए तीन अभियुक्त
इमेज कैप्शन, पठानकोट पुलिस ने गिरफ़्तार किए तीन अभियुक्त

चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से आधिकारिक रूप से कहा गया था कि सुरेश रैना निजी कारणों से भारत लौटे हैं और वे इस साल आईपीएल में नहीं खेलेंगे. बाद में रैना ने ट्वीट कर बताया था कि उनके एक फुफेरे भाई की भी मौत हो गई है जबकि उनकी बुआ अब भी गंभीर स्थिति में हैं.

उन्होंने ट्वीट किया था- "पंजाब में मेरे परिवार के साथ जो हुआ वो काफ़ी भयानक था. मेरे फूफा को मौत के घाट उतार दिया गया. जबकि मेरी बुआ और दोनों फुफेरे भाइयों को गंभीर चोटें आईं. दुर्भाग्य से मेरे भाई की भी कल रात मौत हो गई. मेरी बुआ अब भी काफ़ी गंभीर स्थिति में जीवन रक्षक उपकरणों पर हैं."

छोड़िए X पोस्ट
X सामग्री की इजाज़त?

इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

चेतावनी: तीसरे पक्ष की सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

पोस्ट X समाप्त

अभियुक्तों से बरामद हुआ सामान

एसएसपी पठानकोट गुलनीत सिंह खुराना के मुताबिक घटना को अंजाम देने वाले गिरोह में 14 सदस्य थे जिनमें से 3 को गिरफ़्तार कर लिया गया है और बचे हुए 11 की तलाश जारी है.

इन तीनों अपराधियों को पठानकोट के रेलवे स्टेशन के पास झुग्गियों से गिरफ़्तार किया गया है. मृतक अशोक कुमार के घर में घुसने से पहले इन अभियुक्तों ने दो और घरों को खंगाला था जिनमें उन्हें कुछ नहीं मिला. अभियुक्त उस इलाक़े में ऑटो से आए थे.

पठानकोट पुलिस
इमेज कैप्शन, पठानकोट पुलिस

पकड़े गए तीन लोगों से पुलिस को एक अंगूठी बरामद हुई है जिसके ऊपर 'एके' लिखा हुआ है. पुलिस का मानना है कि यह अंगूठी रैना के फूफा अशोक कुमार की है. इसके अलावा भी उनसे एक और अंगूठी व एक चेन बरामद की गई है.

पुलिस ने बताया कि इस गैंग ने पहले भी कई वारदातों को अंजाम दिया है. इससे पहले ये जगराओं में ठहरे थे और वहां भी एक वारदात की थी. यह तीनों पठानकोट में इसलिए ठहरे हुए थे क्योंकि ये और लोगों को लूटने वाले थे.

क्रिकेट खिलाड़ी सुरेश रैना

सुरेश रैना पहुंचे पठानकोट

बुधवार को सुरेश रैना भी पठानकोट में अपनी बुआ और उनके परिवार से मिलने गांव थरयाल पहुंचे थे. उन्होंने पुलिस करवाई पर संतुष्टि जताई और पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को धन्यवाद किया.

सुरेश रैना ने मीडिया से कहा कि इस पूरे मामले में मुख्यमंत्री पंजाब की तरफ़ से बहुत साथ दिया गया है. उन्होंने मीडिया को भी सहयोग देने के लिए धन्यवाद किया. साथ ही पुलिस की तरफ़ से की जा रही करवाई को सही बताते हुए उम्मीद जताई कि जल्द सारे दोषी पकड़े जाएंगे.

सुरेश रैना की बुआ का परिवार अब भी सदमे में है और कोई भी बात करने की हालत में नहीं है.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)