जयपुर आग दुर्घटना मामले में नौ गिरफ़्तार

- Author, नारायण बारेठ
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता, जयपुर
- प्रकाशित
राजस्थान में पुलिस ने जयपुर के इंडियन आयल डिपो में गत वर्ष लगी आग के सिलसिले में इंडियन आयल के वरिष्ठ अधिकारियों सहित नौ लोगों को गिरफ़्तार किया है. इस हादसे में जहाँ करोड़ों रूपए का नुक़सान हुआ था, वहीं ग्यारह लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी थी.
पुलिस ने इन अधिकारियों को आपराधिक लापरवाही के आरोप में गिरफ़्तार किया है.
जयुपर के पुलिस महानिरीक्षक बी एल सोनी ने बीबीसी को बताया कि गिरफ़्तार किए गए लोगों में इंडियन आयल के राज्य प्रमुख गौतम बोस और परिचालन प्रमुख राजेन्द्र स्याल भी शामिल हैं.
सोनी ने कहा, ''पुलिस ने एक लंबी जांच के बाद ही इन लोगों को गिरफ़्तार किया है, इनके ख़िलाफ़ आपराधिक लापरवाही बरतने का आरोप है. हम इन्हें अदालत के सामने पेश करेंगे."
बड़ा हादसा
ये आग गत वर्ष 29 अक्टूबर को लगी थी.ये इतनी विकराल थी कि इसे बुझाने में सेना की मदद लेनी पड़ी थी और अग्नि शमन दस्तों की पूरी ताक़त झोंकने के बाद बारह दिन बाद इस पर क़ाबू पाया जा सका था.
हादसे में मरने वालों में ज़्यादातर इंडियन आयल के ही कर्मचारी थे. आग की विकरालता को देखते हुए उस इलाक़े में रहने वाले लोगों को अन्य स्थान पर जाना पड़ा था.
इसमें जन धन की भारी हानि हुई. ये आरोप भी लगे कि बड़ी तादाद में पेट्रोलियम पदार्थों के जलने से पर्यावरण को भी नुक़सान पहुंचा.
इस घटना को तेल कंपनियों के इतिहास में सबसे बड़ी आग बताया गया था.

























