हूगली में दो जहाज़ टकराए

पश्चिम बंगाल में हूगली नदी पर नुरपुर गांव में दो विदेशी मालवाहक जहाज़ आपस में टकरा गए हैं.अधिकारियों के अनुसार इस टकराव से कोलकाता बंदरगाह पर आवाजाही प्रभावित हो सकती है.
दो समुद्री जहाज़ बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं.
एक पुलिस अधिकारी एलएन मीणा के अनुसार 'ग्रीन वैली' और 'टाइगर स्प्रिंग' नाम के जहाज़ों में टकराव हूगली और रुपनारायण नदियों के मिलन स्थल पर हुआ है.
इनमें से मालवाहक जहाज़ बहामाज़ में पंजीकृत है.
ये दुर्घटना उस समय हुई जब टाइगर स्प्रिंग नाम का जहाज़ कोलकाता बंदरगाह पर अपना सामान उतारने के बाद रंगफला चैनल से होकर वापस लौट रहा था. ठीक उसी समय ग्रीन वैली बंदरगाह की ओर आ रहा था.
नुरपुर गांव में चाय बेचने वाले राजु शेख़ ने बताया, " एक ज़ोरदार आवाज़ ने हमें हिलाकर रख दिया और हमने बाहर निकलकर देखा कि दो जहाज़ आपस में टकरा गए हैं."
क्षतिग्रस्त
कोलकाता पोर्ट ट्रस्ट के समुद्री विभाग के निदेशक अरुण कुमार बागची ने पत्रकारों को बताया, "टाइगर स्प्रिंग बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है और अब ये जहाज़ डूब रहा है."
भारतीय कोस्ट गार्ड इन जहाज़ों पर मौजूद लोगों को बचाने में लगा है.
एक कोस्ट गार्ड अधिकारी ने कहा उच्च ज्वार के समय तो बचाव कार्य में मुश्किल नहीं होगी लेकिन जब पानी उतरना शुरू होगा तो मुश्किलें बढ़ जाएंगी.
कोलकाता पोर्ट ट्रस्ट के चेयरमैन एमएल मीणा के अनुसार अब तक इस हादसे में किसी के हताहत होने या तेल रिसाव की ख़बर नहीं है.
दो साल पहले पश्चिम बंगाल के तट के क़रीब हल्दिया में भी दो जहाज़ टकरा गए थे.

























