श्रद्धालुओं से भरा वाहन गिरा, कम से कम 64 मरे

सबरीमाला में भगदड़श्र(फ़ाइल)
इमेज कैप्शन, श्रद्धालु मकर ज्योति के दर्शन के बाद लौट रहे थे.
प्रकाशित

केरल के सबरीमाला मंदिर से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरे एक वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से कम से कम 64 लोग मारे गए हैं. केरल के गृह मंत्री कोडियेरी बालाकृष्णन ने कहा है कि अब तक दुर्घटनास्थल से 64 शव निकाले जा चुके हैं.

कोडियेरी बालाकृष्णन ने समाचार एजेंसी एएफ़पी को बताया, "दुर्घटना में घायल हुए 75 श्रद्धालुओं को अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है. अधिकतर घायल क्षेत्र के तीन अस्पतालों में भर्ती हैं. "

गृहमंत्री बालाकृष्णन ने कहा है कि घने जंगल की वजह से राहत कार्यों में दिक्कत आ रही है.

कुछ ख़बरों के अनुसार श्रद्धालुओं से भरी एक जीप ने नियंत्रण खो दिया और वहां मौजूद अन्य श्रद्धालुओं से टकरा गई. इसके बाद घटनास्थल पर भगदड़ मच गई.

इससे पहले इडुक्की के कलेक्टर अशोक कुमार ने पीटीआई को बताया है कि दुर्घटना में कम से कम 45 लोगों की मौत हो गई है. इस दुर्घटना में कई लोगों के घायल होने की भी ख़बर है.

ये दुर्घटना में इडुक्की ज़िले के वंडीपेरियार क़स्बे में पुलमेडू नामक स्थान पर हुई है.

सबरीमाला मंदिर के प्रवक्ता राहुल ईश्वर ने कहा है कि दुर्घटनास्थल से अबतक 46 शव निकाले जा चुके हैं.

ये श्रद्धालु सबरीमाला मंदिर में मकरज्योति के दर्शन के बाद वापस लौट रहे थे.

एक पुलिस अधिकारी ने समाचार एजेंसी एसोसिएटड प्रेस को बताया है कि श्रद्धालुओं से भरे एक वाहन ने नियंत्रण खो दिया और वहां मौजूद अन्य श्रद्धालुओं से जा टकराया.

केरल के पट्टनमथिट्टा के एसपी संजय कुमार ने टीवी चैनल सीएनएन-आईबीएन को बताया कि ये घटना सबरीमाला से सौ किलोमीटर दूर हुई है.

एसपी संजय कुमार ने आशंका जताई है कि दुर्घटना में मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है.

सबरीमाला में हर वर्ष इन दिनों लाखो श्रद्धालु जुटते हैं.