पियरसन ने ख़रीदा ट्यूटरविस्टा को

इंटरनेट
इमेज कैप्शन, ट्यूटरविस्टा इंटरनेट के लिए ज़रिए बच्चों को ट्यूशन देती है
प्रकाशित

ब्रिटेन की एक प्रकाशन कंपनी ने भारत की ऑनलाइन ट्यूशन कंपनी को बड़ी क़ीमत देकर ख़रीद लिया है.

ब्रितानी कंपनी पियरसन का कहना है कि भारत के शिक्षा क्षेत्र में ये अब तक की सबसे बड़ी ख़रीदारी है.

पियरसन दुनिया भर में बच्चों की पढ़ाई लिखाई संबंधी किताबें प्रकाशित करने वाली सबसे बड़ी कंपनी है.

कंपनी ने भारत की ऑनलाइन ट्यूशन कंपनी ट्यूटरविस्टा को 13 करोड़ डॉलर में खरीदा है जो एक बड़ी क़ीमत मानी जा सकती है.

ट्यूटरविस्टा कंपनी पांच साल पहले बंगलौर से शुरु की गई थी जो इंटरनेट पर बच्चों को ट्यूशन देता है और पढ़ाई की अन्य ज़रुरतें पूरी करता है.

इस कंपनी की सेवाओं का इस्तेमाल करने वाले अधिकतर छात्र अमरीका के हैं जो इंटरनेट के ज़रिए भारतीय टीचरों से पढ़ते हैं.

ट्यूटरविस्टा के पास इस समय बीस हज़ार से अधिक पंजीकृत छात्र हैं. इतना ही नहीं ट्यूटरविस्टा के पास भारत में निजी स्कूलों और ट्यूशन केंद्रों का एक बड़ा जाल है.