साईंबाबा पर इलाज का असर नहीं

इमेज स्रोत, BBC World Service
- Author, उमर फ़ारूक़
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता, हैदराबाद
- प्रकाशित
चर्चित आध्यात्मिक गुरु सत्य साईंबाबा की हालत अभी भी बेहद नाज़ुक बनी हुई है.
'श्री सत्य साईं अस्पताल' के निदेशक डॉ एएन सफाया ने शुक्रवार की सुबह जारी किए गए ताज़ा मेडिकल बुलेटिन में कहा है कि 86 वर्षीय बाबा की कल और आज की हालत में कोई अंतर नहीं आया है.
डॉक्टर का कहना है कि सत्य साईंबाबा के हृदय की धीमी गति और कम ब्लड प्रेशर अभी चिंता की वजह बना हुआ है.
उन्होंने कहा है कि इलाज का बाबा पर कम ही असर हो रहा है. डॉक्टर सफाया ने बताया की साईंबाबा वेंटिलेटर की सहायता से ही सांस ले रहे हैं और उनके गुर्दे ठीक ढंग से काम न करने के कारण उनका डायलिसिस किया जा रहा है.
तनाव और सुरक्षा
इस बीच प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा है कि पुट्टपर्ति नगर में साईंबाबा के स्वास्थ्य की वजह से पैदा हुए तनाव के मद्देनज़र सुरक्षा और भी कड़ी की जा रही है.
रायलसीमा क्षेत्र के इंस्पेक्टर जनरल संतोष मेहरा ने कहा है कि एक हज़ार और पुलिसकर्मियों को शुक्रवार को पुट्टपर्ति भेजा जा रहा है. गुरुवार की रात सत्य साईं सेंट्रल ट्रस्ट ने एक वक्तव्य जारी करते हुए कहा है, "बाबा की हालत चिंताजनक है और सबका ध्यान इसी पर केन्द्रित है कि किस तरह बाबा की हालत को बेहतर बनाया जाए."
ट्रस्ट ने भक्तों से कहा है कि वे शांति और संयम से काम लें और बाबा के लिए प्रार्थना करें.
ट्रस्ट ने कुछ समाचार माध्यमों की रिपोर्टों की निंदा की और भक्तों से कहा कि वे इन मनगढ़ंत रिपोर्टों पर विश्वास ना करें.
उल्लेखनीय है कि कुछ रिपोर्टों में कहा गया था कि बाबा का बीस दिन पहले ही निधन हो चुका है लकिन इसकी घोषणा नहीं की जा रही है.

























