फेसबुक पर सवाल पूछिए मोदी, ममता, केजरीवाल से

अरविंद केजरीवाल नरेंद्र मोदी
प्रकाशित

भारत में आगामी लोकसभा चुनावों से पहले फ़ेसबुक यूज़र्स नरेंद्र मोदी, अरविंद केजरीवाल और ममता बनर्जी जैसे देश के कुछ प्रमुख नेताओं के साथ बातचीत कर सकेंगे.

सोशल मीडिया वेबसाइट फ़ेसबुक मार्च से फेसबुक टॉक्स लाइव सीज़न शुरू कर रही है.

इसमें भारतीय जनता पार्टी के प्रधान मंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी, तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष और पश्चिम बंगाल की मुख्य मंत्री ममता बनर्जी, उत्तर प्रदेश के मुख्य मंत्री अखिलेश यादव, आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल और राष्ट्रीय जनता दल अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव शामिल हैं.

फ़ेसबुक की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि इस कार्यक्रम में फेसबुक यूज़र्स सीधे इन नेताओं से उनके कार्यक्रमों, योजनाओं और शासन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सवाल पूछ सकेंगे.

वेबसाइट ने 20 फ़रवरी से सवालों के लिए एक पेज (https://www.facebook.com/FacebookIndia) खोल दिया है जिसपर जाकर लोग अपने सवाल डाल सकते हैं.

ये लाइव टॉक तीन से आठ मार्च तक शाम आठ से नौ बजे तक होगी. तीन मार्च को पहली लाइव टॉक में नरेंद्र मोदी मेहमान होंगे.

संचालन

न्यूज़लॉन्ड्री डॉट कॉम वेबसाइट की मुख्य संपादक मधु त्रेहन कार्यक्रम का संचालन करेंगी और नेताओं से पाठकों के सवालों को नेताओं से पूछेंगी.

एक अनुमान के मुताबिक भारत में नौ करोड़ 30 लाख लोग हर महीने फ़ेसबुक पर सक्रिय होते हैं. इस माध्यम की लोकप्रियता को देखते हुए कई और उनके नेता अब इसका इस्तेमाल कर रहे हैं.

आईआरआईएस नॉलेज फाउंडेशन नाम की एक संस्था की 2013 के एक अध्ययन में पाया गया कि आने वाले चुनावों में देश के 150 चुनाव क्षेत्रों में फ़ेसबुक वोट का असर पड़ेगा.

फेसबुक के भारत और दक्षिण एशिया के पब्लिक पॉलिसी निदेशक अंखी दास का कहना है, "फ़ेसबुक का मक़सद सामाजिक संपर्क या बातचीत के ज़रिए लोगों को जोड़ना है. इसी तरह चुनाव और मतदान में भी ये बातचीत मतदान और लोगों की राय पर असर डालती है."

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="http://www.bbc.co.uk/hindi/multimedia/2013/03/130311_bbc_hindi_android_app_pn.shtml" platform="highweb"/></link> करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>