जो मरा वो भी ख़ान था, लेकिन सलमान नहीं

इमेज स्रोत, AFP
- Author, वंदना
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता
- प्रकाशित
टीवी म्यूट भी कर दें तो लगता है कि ये आवाज़ कानों में गूँज रही है-- 'सलमान खान दोषी क़रार.'
उनका बिल्डिंग से निकलना, अदालत पहुँचना ब्रेकिंग न्यूज़ था. सोशल मीडिया पर भी सलमान का ही शोर सुनाई दे रहा है.

इमेज स्रोत, Getty
लभगभ हर जगह मीडिया में ये गुणा-भाग चल रहा था कि आख़िर सलमान की सज़ा कितनों को करोड़ों का घाटा कराएगी. उनके मज़बूत कंधों पर 200 करोड़ रुपए से ज़्यादा का बोझ है.
आइडल-वर्शिप की संस्कृति वाले देश में सलमान के लिए दुआ करते उनके फ़ैन्स की तस्वीरें टीवी पर बार-बार चलती रहीं. हर बार जब भी सलमान का कोर्ट केस सुर्खियों में होता है तो ऐसे दृश्य दोहराए जाते हैं.
कहां है प्रभावित का परिवार
इस सब के बीच एक बात जो मुझे बहुत अटपटी और अजीब सी लगी है. कभी उन लोगों की कहानी क्यों नहीं सुनाई गई जो इस हादसे के शिकार हुए, वो इंसान जिसकी जान चली गई, जिसका परिवार उसके बग़ैर गुज़ारा कर रहा है.

इमेज स्रोत, AFP
अगर कभी कही भी गई तो उसे बार-बार दोहराया नहीं गया, इस तरह तो नहीं दिखाया गया.
13 सालों से चल रहे सलमान के मामले में कई लोगों को उनके ड्राइवर, उनके बॉडीगार्ड तक के नाम याद हो गए हैं. लेकिन क्या आपको उसका नाम याद है जिसकी जान गई.
उसकी क्या उम्र थी, अब उसका परिवार कहाँ, क्या करता है?
उसका नाम भी ख़ान था, नूरउल्ला ख़ान. सिर्फ़ इस नाम से इंटरनेट पर सर्च करें तो कुछ भी पता नहीं चलता.
वहाँ भी नूरउल्ला ख़ान के साथ सलमान ख़ान लिखने पर ही इंटरनेट आपको बताता है कि ये शख़्स आख़िर है कौन? या कहें कि था कौन?
<bold>(बीबीसी हिंदी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां <link type="page"><caption> क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>

























