पोर्न को लेकर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई आज

प्रकाशित

सुप्रीम कोर्ट में पोर्न को लेकर महिला वकीलों की याचिका पर सुनवाई, बिहार में चुनाव प्रचार और अमरीका में डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों की बहस मंगलवार को सुर्ख़ियों में रहेगी.

भारत के सुप्रीम कोर्ट में आज महिला वकीलों के संघ की तरफ़ से दायर याचिका पर सुनवाई हो सकती है जिसमें सभी पोर्न वेबसाइट को प्रतिबंधित करने की मांग की गई है.

दूसरे चरण के लिए प्रचार

बिहार में सोमवार को पहले चरण के मतदान होने के बाद अब दूसरे चरण के लिए प्रचार ज़ोरों पर हैं.

आज भाजपा अध्यक्ष अमित शाह राज्य में कई रैलियों को संबोधित कर सकते हैं, वहीं महागठबंधन के नेता भी वोटरों को लुभाने का प्रयास करेंगे.

प्रणब इसराइल में

राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी दो दिन के दौरे पर इसराइल में हैं, इस दौरान दोनों देशों के बीच कई अहम क्षेत्रों में सहयोग के समझौते होने की उम्मीद है.

इसराइल की यात्रा करने वाले वो पहले भारतीय राष्ट्रपति हैं.

अमरीका

अमरीका में राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी के लिए मैदान में उतरे डेमोक्रेटिक पार्टी के नेताओं के बीच आज पहली बहस होगी.

इनमें पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन का सामना मुख्य तौर पर सीनेटर बेर्नी सैंडर्स से होगा जबकि तीन अन्य उम्मीदवार भी इस बहस में शामिल होंगे.

मैन बुकर प्राइज़

ब्रिटेन में आज प्रतिष्ठित साहित्य पुरस्कार मैन बुकर प्राइज़ के विजेता की घोषणा होगी.

जर्मनी के शहर फ्रैंकफ़र्ट में आज जाने माने लेखक सलमान रुश्दी बोलने वाले हैं.

अपनी किताब 'द सेटेनिक वर्सेज़' को लेकर मुसलमान संगठनों का विरोध झेलने वाले रुश्दी के विरोध में ईरान ने फ्रैंकफ़र्ट पुस्तक मेले का बहिष्कार किया है.

चीन

चीन में आज नए मासिक व्यापारिक आंकड़े जारी किए जाएंगे. पिछले महीने जारी आंकड़ों में चीन के निर्यात में छह प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई थी, और इससे चीन की अर्थव्यवस्था में कमज़ोरी का पता चलता है.

क्रिकेट

उधर खेलों में तीन टेस्ट मैचों की सिरीज़ के पहले मुक़ाबले में आज पाकिस्तान का सामना इंग्लैंड से होगा.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक करें</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link>. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>