नवजोत सिंह सिद्धू का राज्य सभा से इस्तीफ़ा

प्रकाशित

भारतीय जनता पार्टी की ओर से राज्य सभा के सदस्य एवं पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू ने राज्य सभा की सदस्यता से इस्तीफ़ा दे दिया है.

सिद्धू के इस्तीफ़े को राज्यसभा के चेयरमैन ने स्वीकार कर लिया है.

राजनीतिक हलकों में इस बात के कयास लगाए जा रहे हैं कि सिद्धू पंजाब में आम आदमी पार्टी का चेहरा हो सकते हैं.

हालांकि नवजोत सिंह सिद्धू ने आधिकारिक तौर पर अभी तक भारतीय जनता पार्टी से इस्तीफ़ा नहीं दिया है.

हाल ही में भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें राज्य सभा में भेजा था, तब ऐसा लगा था कि सिद्धू और पार्टी नेतृत्व के बीच सबकुछ ठीक हो गया है.

दरअसल 2014 के लोकसभा चुनाव के बाद से ही सिद्धू, भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से नाराज़ चल रहे थे. उनकी नाराजगी अमृतसर से लोकसभा टिकट काटे जाने से शुरू हुई थी.

पार्टी ने यहां से वित्त मंत्री अरूण जेटली को चुनाव लड़वाया था. सिद्धू की नाराज़गी का असर ऐसा हुआ कि देश भर में मोदी लहर के बावजूद जेटली कांग्रेस के कैप्टन अमरिंदर सिंह से चुनाव हार गए थे.

सिद्धू ने चुनाव के दौरान जेटली के लिए चुनाव प्रचार से इनकार कर दिया था, इसके बाद ही सिद्धू की पार्टी में उपेक्षा की जा रही थी.

इस दौरान सिद्धू ने भी राजनीतिक सक्रियता कम करते हुए कपिल शर्मा के कॉमेडी शो पर ध्यान फोकस कर लिया था.

इस दौरान उनके दूसरे पार्टी से जुड़ने को लेकर कयासों का दौर चल ही रहा था, तभी भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें राज्य सभा में भेजा.

माना गया कि विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी ने सिद्धू को मनाने की कोशिश की, लेकिन अब सिद्धू नई पारी की तैयारी में हैं.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)