अमरीका में आईएस के निशाने पर हैं चर्च

अमरीकी सुरक्षा कर्मी
प्रकाशित

अमरीका की केंद्रीय जांच एजेंसी फ़ेडरल ब्यूरो ऑफ़ इन्वेस्टिगेशन यानी एफ़बीआई ने स्थानीय सुरक्षा एजेंसियों को चरमपंथी संगठन इस्लामिक स्टेट के संभावित हमलों के बारे में सचेत किया है.

एफ़बीआई ने चेतावनी दी है कि कथित इस्लामिक स्टेट अमरीका में क्रिसमस के दौरान चर्चों पर हमले की योजना बना रहा है.

अमरीका के कई चर्चों की एक सूची ऑनलाइन प्रकाशित होने के बाद एफ़बीआई ने ये चेतावनी दी है.

एफ़बीआई ने कहा है कि ये चेतावनी एहतियात के तौर पर दी गई है.

पेरिस का चर्च
इमेज कैप्शन, पेरिस के मशहूर चर्च नोत्रे देम के बाहर भी सुरक्षा कड़ी की गई है.

हालाँकि जाँच एजेंसी ने कहा है कि उसके पास विश्वसनीय या विशिष्ट ख़तरों की जानकारी नहीं है.

हाल के महीनों में कथित इस्लामिक स्टेट ने पश्चिमी देशों में हमले करने की चेतावनी दी है.

अमरीका ने जॉर्डन और मिस्र जाने वाले अपने नागरिकों के लिए भी सुरक्षा चेतावनी भी जारी की है.

हाल ही में जॉर्डन में हुए एक हमले में एक कनाडाई पर्यटक की मौत हो गई थी.

फ्रांस के सुरक्षाकर्मी
इमेज कैप्शन, बर्लिन हमले के बाद दुनियाभर के शहरों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

बीते सप्ताह जर्मनी की राजधानी बर्लिन में एक क्रिसमस बाज़ार में लोगों पर ट्रक से हमला किया गया था जिसमें कम से कम 12 लोग मारे गए थे.

इस हमले की ज़िम्मेदारी भी इस्लामिक स्टेट ने ली थी.

फ्रांस और ऑस्ट्रेलिया की सुरक्षा एजेंसियों ने भी हाल के दिनों में बड़े हमले नाकाम करने के दावे किए हैं.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)