डोनल्ड ट्रंप की पसंद पर वोटिंग का बहिष्कार

इमेज स्रोत, Reuters, Getty Images
अमरीकी सीनेट की फाइनेंस कमेटी में मौजूद डेमोक्रेटिक पार्टी के सदस्यों ने राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप की ओर से नामांकित दो प्रतिनिधियों के लिए वोट का बहिष्कार कर दिया है, जिस कारण प्रक्रिया को फिलहाल टाल दिया गया है.
इन सदस्यों का कहना है कि उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री और वित्त मंत्री के लिए नामांकित टॉम प्राइस और स्टीफ़न मनूशिन की आर्थिक गतिविधियों के बारे में और जानकारी चाहिए.
ट्रंप की ओर से नामांकित अन्य प्रतिनिधियों को वोट के ज़रिए चुना जाएगा, जिनमें अटॉर्नी जनरल के पद के लिए जेफ़ सेशन्स भी शामिल हैं.

इमेज स्रोत, Reuters
अमरीका में कुछ ख़ास देशों से लोगों के आने पर पाबंदी लगाने के संबंध में ट्रंप के आदेश को लेकर सवाल करने पर सैली येट्स को कार्यकारी अटॉर्नी जनरल के पद से बर्ख़ास्त कर दिया गया था.
सैली येट्स की नियुक्ति पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने की थी.

इमेज स्रोत, AFP
फाइनेंस कमेटी के डेमोक्रेट सदस्यों ने पत्रकारों को बताया कि उन्हें टॉम प्राइस की स्वास्थ्य कंपनी के शेयर के बारे में और जानकारी चाहिए.
ट्रंप के नए मंत्रीमंडल में जॉर्जिया के टॉम प्राइस को स्वास्थ्य मंत्री के पद के लिए नामांकित किया गया है.

इमेज स्रोत, Reuters
सीनेटरों का कहना है कि वो स्टीफ़न मनूशिन के बैंक वनवेस्ट में उनके व्यवहार को लेकर भी चिंता में हैं. स्फीफ़न पर बैंक वनवेस्ट में काम करने के दौरान धांधली के आरोप हैं.
समाचार एजेंसी एपी के अनुसार रिपब्लिकन पार्टी के सीनेटर ऑरिन हैच ने डेमोक्रेटिक पार्टी के सदस्यों के व्यवहार को 'बाधा उत्पन्न करने वाला वाला' कहा है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)























