लास वेगास शूटिंगः स्टीफ़न पैडक की गर्लफ़्रेंड को हमले की नहीं थी कोई जानकारी

स्टीफ़न पैडक
इमेज कैप्शन, स्टीफ़न पैडक की गर्लफ़्रेंड डैनली पहले कसीनो में काम करती थीं
प्रकाशित

अमरीका में लास वेगास के एक कॉन्सर्ट में गोलीबारी कर 59 लोगों की जान लेने वाले स्टीफ़न पैडक की गर्लफ़्रेंड ने कहा है कि उसे नहीं पता था कि उसका 'नम्र, शांत और परवाह' करने वाला साथी इस हमले की योजना बना रहा है.

इस हमले के दो दिन बाद मारिलोऊ डैनली मंगलवार को अमरीका वापस पहुंचीं.

लास वेगास शूटिंग

'शांत भविष्य चाहती थी मैं'

मारिलोऊ डैनली ने एक बयान में कहा, "पैडक ने मुझसे ऐसा कभी कुछ नहीं कहा और न ही ऐसा कुछ किया जिससे मुझे लगता कि ये आने वाली घटना की चेतावनी है."

डैनली का ये बयान उनके वकील ने पढ़कर सुनाया. पैडक के इस भयानक कदम से आहत डैनली ने कहा, "मैं उन्हें प्यार करती थी और उनके साथ एक शांत भविष्य बिताना चाहती थी."

होटल के 32वीं मंजिल की खिड़की का टूटा हुआ शीशा, जहां से फ़ायरिंग की गई
इमेज कैप्शन, होटल के 32वीं मंजिल की खिड़की का टूटा हुआ शीशा, जहां से फ़ायरिंग की गई

एफ़बीआई ने डैनली को अमरीका बुलाया

अमरीकी अधिकारियों ने डैनली को अपनी जांच में "पर्सन ऑफ़ इंटरेस्ट" बताते हुए इस शूटिंग के तुरंत बाद ही उनसे संपर्क किया था.

डैनली इस जांच में एफबीआई को सहयोग देने के लिए अपनी मर्जी से फिलीपींस से मंगलवार की रात लॉस एंजलिस लौट आईं.

दो हफ़्ते पहले ही पैडक ने उनके लिए सस्ते हवाई टिकट ख़रीदे थे ताकि वो अपने परिवार से मिलने फिलीपींस जा सकें.

वीडियो कैप्शन, लास वेगास: गोलियों की आवाज़ सुनते ही कुर्सी-मेजों के पीछे छुपे पीड़ित

डैनली को पैडक ने 65 लाख रुपये भेजे

जब वो वहां थीं तो पैडक ने घर ख़रीदने की बात कहते हुए करीब 65 लाख रुपये भेजे थे.

डैनली ने कहा, "मैं खुश थी लेकिन सच में परेशान भी हूं कि यह रिश्ता तोड़ने का एक तरीका था."

उन्होंने कहा, "मुझे इसकी थोड़ी भी भनक नहीं थी कि वो किसी के ख़िलाफ़ हिंसा की योजना बना रहे हैं."

इससे पहले उनकी बहन ने ऑस्ट्रेलिया के 7न्यूज़ को बताया था कि डैनली को "भेज दिया गया... ताकि वो उनकी योजना में दखल न दे सकें."

मेंडले-बे होटल के 32वें फ़्लोर से की गई थी फ़ायरिंग
इमेज कैप्शन, मेंडले-बे होटल के 32वें फ़्लोर से की गई थी फ़ायरिंग

डैनली के पहचान दस्तावेजों का इस्तेमाल

पैडक ने 28 सितंबर को मेंडले-बे होटल के 32वें फ़्लोर के एक कमरे को बुक किया था.

कथित तौर पर उन्होंने वहां डैनली के कुछ पहचान दस्तावेजों का इस्तेमाल भी किया.

1 अक्टूबर को रविवार की रात करीब 22:08 बजे कॉन्सर्ट के दौरान पैडक ने संगीत प्रेमियों पर गोलियों की बारिश कर दी.

लास वेगास शूटिंग

करीब 11 मिनटों तक चली इस गोलीबारी की घटना में उन्होंने 59 लोगों को मार दिया जबकि 500 से अधिक लोग घायल हुए.

जब तक किसी को कुछ समझ में आता उन्होंने बंदूक की नली अपनी ओर कर खुद को भी गोली मार ली.

वीडियो कैप्शन, कौन थे स्टीफ़ेन पैडक - जुआरी या हत्यारे?

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)