इसराइली जेल से 'फ़िल्मी स्टाइल' में निकल भागे छह फ़लस्तीनी क़ैदी

इसराइली जेल
प्रकाशित
पढ़ने का समय: 3 मिनट

छह फ़लस्तीनी क़ैदी इसराइल की सबसे सुरक्षित माने वाली जेल से भाग गए हैं. अब इसराइली अधिकारी रातोंरात भागने वाले इन क़ैदियों को पकड़ने के लिए बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चला रहे हैं.

माना जा रहा है कि ये फ़लस्तीनी इसराइल के गिल्बाआ जेल में पिछले कई महीनों से सुरंग खोद रहे थे जो बाहर सड़क की ओर निकली.

इस घटना की तुलना हॉलीवुड की किसी थ्रिलर फ़िल्म से की जा रही है.

क़ैदियों के भागने की ख़बर सुनकर फ़लस्तीनियों ने ख़ुशी ज़ाहिर की और वो जश्न मनाते हुए सड़कों पर आ गए.

इन क़ैदियों को भागने की जानकारी इसराइली अधिकारियों को तब मिली जब कुछ किसानों ने उन्हें खेतों से होकर भागते हुए देखा.

भागने वाले क़ैदियों में से पाँच इस्लामिक जिहाद के सदस्य थे और एक फ़लस्तीनी चरमपंथी संगठन अल अक़्सा मार्टर्स ब्रिगेट का पूर्व नेता.

जेल के बाहर खुदा गड्ढा

फ़लस्तीनी गुटों ने बताया 'हीरो'

इसराइली जेल सेवा के एक अधिकारी ने इस घटना को 'बड़ी सुरक्षा और ख़ुफ़िया चूक' कहा है. वहीं, फ़लस्तीनी चरमपंथी गुटों ने इसे 'जांबाज़' बताया है.

उत्तरी इसराइल में स्थित और सबसे ज़्यादा सुरक्षित माने जाने वाली गिल्बोआ जेल में उस समय हड़कंप मच गया जब अधिकारियों को किसानों से पता चला कि उन्होंने पास के खेतों में कुछ 'संदिग्ध लोगों' को देखा है.

जेल के स्टाफ़ ने जब क़ैदियों की गिनती की तो उसमें छह लोग लापता पाए गए.

माना जा रहा है कि फ़लस्तीनी क़ैदियों ने अपने बाथरूम की फ़र्श से होते हुए एक सुरंग खोदी जो जेल के बाहर जाकर निकली.

छोड़िए X पोस्ट
X सामग्री की इजाज़त?

इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

चेतावनी: तीसरे पक्ष की सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

पोस्ट X समाप्त

सोशल मीडिया पर सर्कुलेट हो रही कुछ तस्वीरों और वीडियो में देखा जा सकता है कि इसराइली अधिकारी एक सिंक के नीचे एक छोटे से छेद और जेल की दीवारों से सटी धूल भरी सड़क पर दूसरे छेद की जाँच कर रहे हैं.

सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि फ़लस्तीनी क़ैदियों ने किसी तरह जेल के बाहर लोगों से संपर्क कर लिया था. इस तरह उन्होंने जेल में मोबाइल का इस्तेमाल किया और फ़ोन करके कार बुला ली.

टाइम्स ऑफ़ इसराइल अख़बार के अनुसार इन छह लोगों में से पाँच इसराइली नागरिकों पर घातक हमले के सिलसिले में उम्रक़ैद की सज़ा काट रहे थे. इनमें से एक कैदी पर हत्या की कोशिश समेत दो दर्जन अपराधों के लिए मुक़दमा चल रहा था.

सांकेतिक तस्वीर
इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

गज़ा में बँटी टॉफ़ियाँ, जश्न का माहौल

फ़लस्तीनी क़ैदियों को पकड़ने के काम में लगी इसराइली सुरक्षा पुलिस और सेना के जवानों ने इन्हें क़ब्ज़े वाले वेस्ट बैंक या जॉर्डन पहुँचने से रोकने के लिए रास्तों पर अवरोधक लगा दिए हैं.

इसराइली प्रधानमंत्री नफ़्टाली बेनेट ने सार्वजनिक सुरक्षा मंत्री उमर-बर-लेव से इस बारे में बात की है.

इस्लामिक जिहाद समूह ने क़ैदियों के भागने की घटना को 'जांबाज़ी भरा' बताया है और कहा है कि इससे इसराइली रक्षा तंत्र को धक्का लगेगा.

फ़लस्तीनी संगठन हमास के प्रवक्ता ने इसे 'बड़ी जीत' बताया और कहा, "हमारे बहादुर सैनिकों का इच्छाशक्ति और दृढ़ता को दुश्मन जेल में भी नहीं हरा सकते."

समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार गज़ा में इस्लामिक जिहाद के समर्थकों ने ख़ुशी मनाते हुए सड़क से गुजरने वालों को टॉफ़ियाँ बाटीं.

वीडियो कैप्शन, COVER STORY: अपने घर ढहाने को मजबूर फ़लस्तीनी

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)