ब्रिटेन में गोभी फेंकने की प्रतियोगिता

क्या आपने कभी एक बड़ी गूलेल की तरह काम करने वाली मशीन से गोभी फेंकने की प्रतिस्पर्धा के बारे में सुना है.
ब्रिटेन के लिंकनशायर में ऐसा ही एक प्रतियोगिता हुई, जिसके बारे में आयोजकों का दावा है कि यह अपनी तरह का पहला खेल आयोजन है.
गोभी फेंकने की ये मशीन ट्रैबोशे पर आधारित है, जिसका इस्तेमाल मध्यकाल में गोले दगाने के लिए किया जाता था.
लिंकनशायर में आयोजित विश्व गोभी फेंक प्रतियोगिता के लिए जॉन वार्ड ने इस मशीन के दो जोड़े तैयार किए.
परीक्षण के दौरान 230 फुट से अधिक दूरी तक गोभियों को फेंका गया.
इसके बाद जॉन वार्ड ने मशीन के इंजन में कुछ फेरबदल किया ताकि वो थोड़े कम खतरनाक हों और गोभियों को केवल 98 फुट तक फेंक सके.
जोखिम
लिंकनशायर में गोभी की खेत खासतौर से की जाती है, जहाँ की उपजाऊ मिट्टी को इस फसल के लिए आदर्श माना जाता है.

काउंटी ने <link type="page"><caption> महारानी की हीरक जयंती</caption><url href="http://www.bbc.co.uk/hindi/rolling_news/2012/06/120602_diamond_jubilee_rn.shtml" platform="highweb"/></link> का उत्सव मनाने के लिए गोभी से गेंदबाजी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया.
जॉन वार्ड ने कहा कि इस प्रतियोगिता का मकसद लिंकनशायर के उत्पादों को बढ़ावा देना है. इसके लिए स्थानीय किसानों ने 200 से ज्यादा गोभियाँ मुफ्त में उपलब्ध कराई.
वार्षिक आयोजन
ज़ॉन वार्ड ने कहा, “दुकानों और सुपर मार्केट में मिलने वाली ज्यादातर ताजी सब्जियाँ और लिंकनशायर से ही आती हैं.” फ्रोजेन फूड उद्योग को भी यहाँ से बड़ी मात्रा में सब्जियों की आपूर्ति की जाती है.
उनका कहना था, “हमें गोभियाँ लिंकनशायर में ही मिल गई और उन्हें अपने ग्राहकों तक पहुंचाने के लिए ट्रैबोशे से बेहतर क्या हो सकता है.”
उन्होंने प्रक्षेपण के लिए बेकार पड़े टुकड़ों की मदद से मशीन तैयार की जो 11 फुट लंबी है.
वार्ड को अब उम्मीद है कि यह आयोजन हर साल या एक साल छोड़कर ज़रूर आयोजित होगा.

























