तियानजिन: मरने वालों की संख्या 85 तक पहुंची

प्रकाशित

चीन के तियानजिन शहर के बंदरगाह के पास बुधवार को हुए बड़े धमाके में मरने वालों की संख्या 85 तक पहुंच गई है.

स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक ख़तरनाक रसायनों वाले इस गोदाम में हुए धमाके में 721 लोग घायल भी हुए हैं. मरने वालों में आग बुझाने वाले 21 कर्मचारी भी शामिल हैं.

तियानजिन में ऐसे गोदाम चलाने वालों पर सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के आरोप लगते रहे हैं.

इस बीच चीन की सरकार ने ख़तरनाक रसायनों और विस्फोटकों के रखरखाव के बारे में देश भर में जांच के आदेश दिए हैं.

जाँच के लिए सेना के विशेषज्ञों के 200 सदस्यीय दल को भी अग्निशमन कर्मचारियों की मदद के लिए भेजा गया है.

ख़तरनाक रसायन

अभी तक धमाके की वजह का पता नहीं लग सका है और न ही यह स्पष्ट है कि धमाके में कोई रसायन लीक हुआ था या नहीं.

धमाके से प्रभावित क़रीब 35 हज़ार लोग अस्थायी शिविरों में रह रहे हैं.

तियांजिन में धमाके के बाद पीड़ित
इमेज कैप्शन, धमाके के बाद लोगों को खुले में भी रात गुज़ारनी पड़ी है.

ये धमाका रुईहे लॉजिस्टिक्स नामक कंपनी के गोदाम में हुआ था.

रिपोर्टों के मुताबिक इस गोदाम में सोडियम साईनाइड और टॉलुइन डायोसाएनेट जैसे ख़तरनाक रसायन रखे हुए थे.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक करें.</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>