रूस में हथियार डिपो में विस्फोट

रूस के एक हथियार डिपो में लगातार कई विस्फोटों के बाद कम से कम दो व्यक्तियों के मारे जाने और कई लोगों के घायल होने की ख़बरें हैं.
अधिकारियों का कहना है कि पहले 43 लोगों के लापता होने की ख़बरें आईं थीं लेकिन वे सभी लोग सुरक्षित और सकुशल मिल गए हैं.
ख़बरों में कहा गया है कि यूलीयानोवस्क शहर के बाहरी हिस्से में स्थित सेना के हथियार डिपो में लगी आग के बाद विस्फोट हुए हैं.
इसकी वजह से आसपास के घरों में खिड़कियों के शीशे टूट गए.
गवर्नर के हवाले से कहा गया है कि लगभग तीन हज़ार लोगों को सुरक्षित स्थानों में पहुँचाया गया है.
वहाँ लोगों को पानी इकट्ठा करके रखने और चेहरे को ढँककर रखने को कहा गया है.
इस घटना के बाद स्थानीय टेलीफ़ोन लाइनों में बाधा पहुँची है और वहाँ रेलवे सेवा को रोक दिया गया है.
यह डिपो मॉस्को से 900 किलोमीटर दूर दक्षिण पूर्व में स्थित है.
रात में विस्फोट जारी हैं. टेलीविज़न पर दिखाई जा रही तस्वीरों में कारखाने से गाढ़ा काला धुँआ निकलता दिखाया गया है.
स्थानीय मीडिया का कहना है कि डिपो में परंपरागत हथियार रखे हुए थे.
घटना स्थल के नज़दीक मौजूद बीबीसी संवाददाता का कहना है कि इस घटना के बाद वहाँ बदहवासी का माहौल है लेकिन गवर्नर ने कहा है कि स्थिति नियंत्रण में है.

























