ड्रोन में बम नहीं लगाएगा ब्लैकवाटर्स

अमरीकी ख़ुफ़िया एजेंसी सीआईए ने पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान में पायलटरहित विमानों (ड्रोन) में बम लगाने के लिए निजी कंपनी ब्लैकवाटर्स से हुआ समझौता रद्द कर दिया है.
अधिकारियों के मुताबिक सीआईए के निदेशक चाहते हैं कि बम लगाने का काम संगठन के कर्मचारी ही करें.
अमरीकी अख़बार न्यूयॉर्क टाइम्स ने ब्लैकवाटर्स के साथ हुए क़रार को सार्वजनिक किया था. इस कंपनी का नाम बदलकर ‘एक्सई’ रखा गया और इसी नाम से सीआईए ने उसे ठेका दिया.
सितंबर 2007 में ब्लैकवाटर्स के कर्मियों पर बग़दाद में 17 नागरिकों को गोली मारने का आरोप लगा था. चार कर्मचारियों के ख़िलाफ़ अगले साल मुक़दमा शुरू होने वाला है.
इसी साल शुरु में सीआईए के निदेशक लियोन पेनेटा ने निजी सुरक्षा कंपनी ब्लैकवाटर्स के ठेके की समीक्षा की थी और उसे सिर्फ़ सुरक्षा संबंधित कार्य देने का फ़ैसला हुआ था.
इसके बाद ब्लैकवाटर कंपनी के एक दूसरे विभाग ब्लैकवाटर सेलेक्ट के साथ पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान में ड्रोन में बम लगाने का ठेका रद्द कर दिया गया.
सीआईए के प्रवक्ता जॉर्ज लिट्ल ने बताया कि उसके बाद पेनेटा ने यह काम एजेंसी के ही कर्मचारियों से कराने का आदेश दिया.
उन्होंने न्यूयॉर्क टाइम्स को बताया कि अभी ब्लैकवाटर्स कंपनी सिर्फ़ सुरक्षा संबंधी कार्यों में सहयोग देने का काम कर रही है.

























