इराक़ में बम विस्फोट, 26 मरे

इराक़ में पिछले हफ़्ते ही वहां के केंद्रीय बैंक पर हमला हुआ था.
इमेज कैप्शन, इराक़ में पिछले हफ़्ते ही वहां के केंद्रीय बैंक पर हमला हुआ था.
प्रकाशित

इराक़ में एक के बाद एक हुए दो बम धमाकों में कम से कम 26 लोग मारे गए हैं.

ये धमाके राजधानी बग़दाद में शहर के बीचोबीच बने एक कार पार्क में हुए हैं.

इराक़ी गृह मंत्रालय का कहना है कि इन धमाकों में 50 से ज़्यादा लोग घायल हुए हैं.

धमाकों में एक सरकारी बैंक और पहचान पत्र कार्यालय की इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा है. दोनों ही इमारतें अगल बगल ही हैं.

धमाके के वक्त लोग पासपोर्ट और पहचान पत्र के लिए कार्यालय के बाहर कतारों में खड़े थे.

एक ही हफ़्ते पहले बगदाद स्थित इराक़ी केंद्रीय बैंक पर हुए हमले में पंद्रह लोग मारे गए थे.

उस हमले में विस्फोटक पेटी बांधे हुए कुछ बंदूकधारी बैंक की इमारत में घुस आए और सुरक्षा बलों के साथ बहुत देर तक गोलीबारी के बाद उन्होंने खुद को उड़ा लिया.

ये कहना फ़िलहाल मुश्किल है कि हमलावर अब बैंकों को ख़ासतौर पर निशाना बना रहे हैं लेकिन कई अधिकारियों का कहना है कि ऐसा संभव है क्योंकि उनके पास अब पैसों की कमी हो रही है.

इस हमले की ज़िम्मेदारी अल क़ायदा से जुड़े एक गुट ने ली थी.

कुछ लोगों का मानना है कि केंद्रीय बैंक पर हुआ हमला दरअसल बैंक के रेकॉर्ड्स को ख़त्म करने की कोशिश थी . उनका कहना है कि इसका मकसद काफ़ी बड़े पैमाने पर चल रहे हवाला रैकेट पर पर्दा डालना हो सकता है.

लेकिन इन हमलों के बावजूद बगदाद से बीबीसी संवाददाता का कहना है कि इराक़ में तीन चार साल पहले के मुक़ाबले हिंसा में भारी कमी आई है.