मेदवेदेव एक भरोसेमंद साझेदार:ओबामा

प्रकाशित

अमरीका के राष्ट्रपति बराक ओबामा और रूस के राष्ट्रपति मेदवेदेव ने दोनों देशों के सुधरते रिश्तों पर ख़ुशी जताई है.

मेदवेदेव अमरीका की यात्रा पर हैं. एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में ओबामा ने कहा कि रूसी राष्ट्रपति एक भरोसेमंद साझीदार है.

दोनों नेताओं के बीच व्हाइट हाउस में मुलाक़ात हुई. बैठक के बाद ओबामा ने कहा कि दोनों नेता आपसी रिश्तों को नई दिशा देने में सफल रहे हैं.

ओबामा का कहना था कि वे अमरीका और रूस के बीच रिश्तों को और विस्तार देना चाहते हैं.

अमरीका ने विश्व व्यापार संगठन में रूस को शामिल किए जाने को लेकर रूस का समर्थन कर रहा है. रूस डब्ल्यूटीओ में शामिल होना चाहता है.

वहीं रूस अमरीका को अनुमति देगा कि वो रूस को पोल्ट्री उत्पादों का निर्यात दोबारा शुरु कर सके. पिछले छह महीने से रूस ने इस पर पाबंदी लगाई हुई थी.

रूस के साथ रिश्तों पर ओबामा ने कहा, जब रूस और अमरीका में बेहतर तालमेल होगा तो हमारा देश और पूरी दुनिया ज़्यादा सुरक्षित महसूस करेगा.

हालांकि ओबामा ने ये भी कहा कि जॉर्जिया समेत कुछ मुद्दें हैं जिनपर दोनों देश एक राय नहीं रखते.

यूरोप में अमरीकी मिसाइल प्रणाली योजना को लेकर कई वर्षों से रूस और अमरीका के संबंध तनावपूर्ण रहे हैं. इस साल अप्रैल में दोनों ने संधि पर हस्ताक्षर किए हैं जिसके तहत अमरीका और रूस परमाणु हथियारों में कटौती करेंगे.

अमरीका ने ईरान के ख़िलाफ़ प्रतिबंधों के लिए रूस के समर्थन देने का स्वागत किया है.

मेदवेदेव ने अपनी अमरीका यात्रा की शुरुआत कैलीफ़ोर्निया में कई कंपनियों के दौरे से की थी.

चीज़बर्गर और चिप्स

ओवल ऑफ़िस में बैठक के बाद ओबामा और मेदवीदेव एक रेस्तरां गए जहाँ उन्हें हैमबर्गर और चिप्स खाते देखा गया. ज़ाहिर है ये नज़ारा देखकर वहाँ मौजूद लोग काफ़ी उत्सुक और हैरान थे.

मेदवेदेव को वर्जिनिया में आरलिंग्टन इलाक़े में लिमोज़ीन में रेस्तरां ले जाया गया. दोपहर के खाने के दौरान दोनों अपने-अपने दुभाषियों के साथ बैठे थे और बातें करते रहे. ओबामा ने आईस-टी का लुत्फ़ उठाया तो मेदवेदेव ने कोका कोला का.

अमरीकी राष्ट्रपति ने प्याज़, टमाटर वाला चीज़बर्गर खाया तो रूसी राष्ट्रपति ने प्याज़ और मशरूम वाला चीज़बर्गर.

दोनों ने एक पैकेट से चिप्स भी खाए. जब मेदवेदेव से अमरीकी खाने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कि बर्गर भले ही स्वास्थ्यवर्धक न हो पर स्वादिष्ट था.