तेल रिसाव रोकने की नई कोशिश

ब्रिटेन की तेल कंपनी ब्रिटिश पेट्रोलियम मेक्सिको की खाड़ी में हुए तेल रिसाव को रोकने की नए सिरे से कोशिश कर रही है.
कंपनी ने टूटे हुई पाइप पर लगाए गए ढक्कन को बदलने की नई मुहिम शुरु की है. पुराना ढक्कन बहुत कम मात्रा में तेल रिसाव रोक पाया था लेकिन नया ढक्कन रिसने वाले पूरे तेल को जमा कर लेगा.
हालांकि इस काम में चार से छह हफ़्ते का समय लग सकता है और जब तक यह काम पूरा होगा तब तक तेल रिस कर समुद्र में जाता रहेगा.
स्थायी समाधानों के तहत बीपी ने समुद्र की सतह पर दो कुएं खोदने का निर्णय किया है जिसकी मदद से टूटे हुए तेल कुएं से निकलने वाले तेल को रोका जा सकेगा.
अनुमान है कि दोनों कुओं में से एक अगस्त के महीने तक बन जाएगा जिससे टूटे कुएं से रिसने वाला तेल रोका जा सकेगा.
अप्रैल महीने में बीपी के समुद्र में स्थित एक तेल कुएं में धमाका हुआ था जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई थी.
राष्ट्रपति ओबामा ने इस घटना को अमरीका के इतिहास की सबसे बड़ा पर्यावरणीय त्रासदी करार दिया था.
बीपी के समुद्र के अंदर काम करने वाले रोबोटों ने टूटे पाइप पर लगा पुराना ढक्कन हटा दिया है लेकिन नया ढक्कन लगाने में अभी काफ़ी वक्त लगने वाला है.
बीपी का कहना है कि इस प्रक्रिया के दौरान क़रीब 400 मशीनें लगाई गई हैं ताकि तेल का रिसाव समुद्र में फैलने से रोका जा सके.
समुद्र तट रक्षक के प्रवक्ता जेम्स मैकफरसन कहते हैं, ‘‘यह टूथपेस्ट का ढक्कन लगाने जैसा काम नहीं है कि ढक्कन हटाया और फिर घुमा कर लगा दिया.’’
तेल पाइपों में लगने वाले ढक्कन विशालकाय होते हैं और इसमें कई सारे और यंत्र लगे होते हैं जिसकी मदद से रिसने वाला तेल भी एकत्र होता रहता है.
कंपनी का कहना है कि नए ढक्कन से कम से कम पचास हज़ार बैरल तेल प्रतिदिन जमा किया जा सकेगा. हालांकि कंपनी ने साफ़ कर दिया है कि इस तरह के ढक्कन को लगाने के बारे में गारंटी के साथ कुछ नहीं कहा जा सकता कि ये निर्धारित समय में सफलतापूर्वक लगा दिया जाएगा.
बीपी के तेल कुएं में आग लगने के बाद से अभी तक हज़ारों बैरल तेल समुद्र में बह चुका है और इससे समुद्री जीवन को काफ़ी नुकसान हुआ है.

























