इराक़ में आत्मघाती हमले में 50 मरे

इराक़ के तिकरित शहर में एक आत्मघाती हमले में कम से कम 50 लोग मारे गए हैं. ये हमला शहर के पुलिस नियुक्ति केंद्र के बाहर हुआ है.
इस आत्मघाती हमले में कम से कम 150 लोग घायल भी हुए हैं.
एक प्रत्यक्षदर्शी ने कहा है कि विस्फोटकों से लैस आत्मघाती हमलावर पुलिस नियुक्ति केंद्र में साक्षात्कार का इंतज़ार कर रहे आवेदकों के बीच खड़ा था.
हमले में मरने वाले अधिकतर पुलिस में भर्ती होने आए आवेदक थे.
तिकरित पूर्व इराक़ी तानाशाह सद्दाम हुसैन का गृह नगर है और ये शहर चरमपंथियों का गढ़ है.
इसी शहर में स्थित पुलिस अकादमी में वर्ष 2007 में हुए एक हमले में 40 लोग मारे गए थे.
बग़दाद में बीबीसी के अयूबी राउला के मुताबिक इराक़ी पुलिस और सेना के नियुक्ति केंद्र अकसर आत्मघाती हमलावरों का निशाना बनते रहे हैं.
'आतंकवादी' हमला
वर्ष 2006-07 की तुलना में इनदिनों इराक़ में हिंसा में कमी आई है लेकिन गोलीबारी और धमाकों जैसी वारदातें लगभग हर दिन हो रही हैं और चरमपंथी अकसर इराक़ी पुलिस और सुरक्षाबलों को निशाना बनाते रहे हैं.
स्थानीय उप गवर्नर अहमद अब्दुल जब्बार ने इसे 'आतंकवादी' हमला कहा है. अब्दुल जब्बार ने कहा, "इस हमले के पीछे अल-क़ायदा के अलावा और कौन हो सकता है?"
ख़बरों के अनुसार तिकरित का प्रमुख अस्पताल विस्फोट में घायल हुए लोगों से भरा पड़ा है और स्थानीय मस्जिदों से रक्तदान के लिए घोषणाएं की जा रही हैं.
कुछ अनुमानों के अनुसार आत्मघाती हमलावर 50 किलोग्राम तक विस्फोटक से लैस था.
सुन्नी-बहुल तिकरित चरमपंथियों का गढ़ है. सद्दाम हुसैन के इस गृह नगर में बाथ पार्टी के लिए सहानूभूति अब भी बरक़रार है.

























