ट्यूनीशिया में पूर्व सत्ताधारी पार्टी पर प्रतिबंध

ट्यूनीशिया में सुरक्षाबलों के साथ अब भी टकराव की ख़बरें आ रही हैं
इमेज कैप्शन, ट्यूनीशिया में सुरक्षाबलों के साथ अब भी टकराव की ख़बरें आ रही हैं
प्रकाशित

ट्यूनीशिया के गृह मंत्रालय ने पुरानी सत्तारूढ़ पार्टी की सभी राजनीतिक गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाने और इसके दफ़्तरों को बंद करने की घोषणा की है.

सरकारी टीवी पर दिए एक बयान में गृह मंत्रालय ने कहा कि ये प्रतिबंध पार्टी के भंग किए जाने की घोषणा के बाद उठाया गया है.

लगभग तीन हफ़्ते पहले हिंसक प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति ज़ैन अल आबिदिन बिन अली को देश छोड़कर सऊदी अरब भाग जाना पड़ा था.

राष्ट्रपति बिन अली 1987 से ट्यूनीशिया की सत्ता में थे.

इसके बाद नई सरकार का गठन किया और इसमें पिछली सरकार के कुछ मंत्रियों समेत विपक्षी दलों के भी कुछ नेताओं को शामिल किया गया है.

प्रधानमंत्री ग़नूशी नई सरकार का नेतृत्व कर रहे हैं. वो पिछली सरकार में भी प्रधानमंत्री की ज़िम्मेदारी संभाल रहे थे.

इसके पहले ट्यूनीशिया के मीडिया ने ख़बर दी थी कि प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच कबीली शहर में हुए संघर्ष में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी.

बताया जा रहा है कि प्रदर्शनकारी को आंसू गैस का गोला लगा था.

इसके पहले कैफ़ शहर में सुरक्षाबलों के साथ हुए संघर्ष में चार लोगों की मौत हो गई थी.