बाघ से बचाई जान

इमेज स्रोत, PA
मलेशिया में एक महिला ने सूप चलाने वाले बड़े चम्मच (करछी) से एक बाघ को मार भगाया और अपने पति की जान बचा ली.
यह घटना उत्तरी मलेशिया की है जहां तांबुन गेडिउ पर बाघ ने आक्रमण कर दिया.
बाघ से जूझ रहे गेडिउ की जान उनकी पत्नी ने बचाई जो उस समय घर में खाना बना रही थी.
गेडिउ को बाघ ने बुरी तरह जख्मी कर दिया है और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है.
गेडिउ का कहना था, ‘‘ मैं एक गिलहरी के पीछे भाग रहा था और उसे मारना चाहता था तभी मैंने बाघ को देखा. मुझे समझ आया कि वो मेरा पीछा कर रहा है. उसने मुझ पर आक्रमण किया और मुझे नीचे गिरा दिया.’’
गेडिउ जहाई कबीले के हैं और उनके घर जंगल के पास ही बने हुए हैं.
गेडिउ ने जान बचाने के लिए पेड़ पर चढ़ने की कोशिश की लेकिन बाघ ने उन्हें नीचे खींच लिया.
गेडिउ की चीखें सुनकर उनकी पत्नी 55 वर्षीय हान बेसाऊ किचन से बाहर आई. हान के हाथ में सूप चलाने वाला बड़ा चम्मच था जिससे उन्होंने बाघ पर वार कर दिया.
गेडिउ ने न्यू स्ट्रेट टाइम्स अख़बार से बातचीत करते हुए कहा, ‘‘ मैं डर गई था. मैं बाघ का मुंह अपने से दूर रखने की कोशिश कर रहा था लेकिन उसे हटाना मुश्किल था. अगर मेरी बीवी सही समय पर नहीं आती तो मैं ज़िंदा नहीं बचता.’’
ऐसा पहली बार है जब इस इलाके़ में किसी बाघ ने आदमी पर आक्रमण किया है.
इलाक़े में कम से कम 200 बाघ रहते हैं और गेडिउ के घर के आसपास कम से कम पाँच बाघ देखे गए हैं.

























